उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के थाना इज्जतनगर क्षेत्र में महिला से पर्स छीनने की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटी गई नकदी, पर्स, मोबाइल फोन और महिला के दस्तावेज बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि वह अपने साथी के साथ दोबारा छिनैती की घटना को अंजाम देने की तैयारी में था। फिलहाल पुलिस फरार साथी की तलाश में दबिश दे रही है।
पुलिस के मुताबिक 29 मई 2026 को इज्जतनगर थाना क्षेत्र के डमरू चौराहे के पास ओवरब्रिज इलाके में स्कूटी से जा रही महिला प्रभा सक्सेना से बाइक सवार दो युवकों ने पर्स छीन लिया था। घटना के समय महिला सड़क से गुजर रही थीं कि अचानक बाइक सवार बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनका पर्स लेकर फरार हो गए। पर्स में करीब पांच हजार रुपये नकद, आधार कार्ड की छायाप्रति और अन्य जरूरी सामान रखा हुआ था। घटना के बाद पीड़िता की शिकायत पर थाना इज्जतनगर में मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम लगातार सक्रिय थी। मंगलवार को इज्जतनगर पुलिस डेलापीर मंडी क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि छिनैती की घटना में शामिल एक युवक परवाना नगर के पास संदिग्ध हालत में खड़ा किसी का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और इलाके की घेराबंदी कर आरोपी को मौके से दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनिल सिंह पुत्र रामपाल सिंह निवासी ग्राम बरी, थाना पुलभट्टा, जनपद ऊधमसिंह नगर, उत्तराखंड के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 1800 रुपये नकद, दो पर्स, आधार कार्ड की छायाप्रति, एक लिपस्टिक और वीवो कंपनी का मोबाइल फोन बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार बरामद सामान में पीड़िता से छीना गया सामान भी शामिल है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपने साथी अजय साहू निवासी होली चौक, करगैना थाना सुभाषनगर के साथ मिलकर महिला से पर्स छीना था। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों ने पर्स में रखे करीब पांच हजार रुपये आपस में बांट लिए थे। आरोपी ने यह भी कबूल किया कि वह अपने साथी के साथ दोबारा छिनैती की घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा था और गिरफ्तारी के समय उसी का इंतजार कर रहा था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर उसे न्यायालय में पेश किया है। वहीं, फरार आरोपी अजय साहू की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।