ओमकार गंगवार,मीरगंज(बरेली)
बरेली जनपद के मीरगंज तहसील क्षेत्रान्तर्गत विकास खंड फतेहगंज पश्चिमी के उनासी गांव में बहगुल नदी में डूबे युवक का शव गुरुवार सुबह बरामद हो गया। युवक बुधवार को अपने दोस्त के साथ नदी पार करते समय गहरे कुंड में डूब गया था। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, फतेहगंज पश्चिमी विकास खंड के उनासी गांव निवासी 30 वर्षीय अजय पुत्र श्याम सिंह अपने दोस्त रामभजन मौर्य निवासी मोहल्ला नौगमा के साथ ठिरिया खेतल के पास बह रही बहगुल नदी की ओर घूमने गया था। बताया जाता है कि दोनों दोस्तों ने नदी पार करने का प्रयास किया। इसी दौरान अजय अचानक नदी के गहरे कुंड में चला गया और डूबने लगा।
दोस्त रामभजन ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वह सफल नहीं हो सका। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। स्थानीय तैराकों और गोताखोरों ने युवक की तलाश शुरू की, लेकिन देर शाम तक कोई सफलता नहीं मिली।
सूचना पर फतेहगंज पश्चिमी थाना के प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह, राजस्व विभाग की टीम और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। घंटों चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद भी युवक का पता नहीं चलने पर एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया। टीम ने देर रात तक नदी में सर्च अभियान चलाया।
गुरुवार सुबह युवक का शव नदी में उतराता मिला। पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकाला गया। इंस्पेक्टर प्रवीण सिंह ने शव मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
बताया जा रहा है कि मृतक अजय पेंटिंग का काम करता था। परिवार में पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं। युवक की मौत के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।