Saturday, June 13, 2026

लखीमपुर में ट्रक-मैजिक भिड़े, दो महिलाओं समेत 10 की मौत

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: May 18, 2026

लखीमपुर में ट्रक-मैजिक भिड़े, दो महिलाओं समेत 10 की मौत

मृतकों में इंजीनियर, शिक्षिका और व्यापारी शामिल, डीएम-एसपी ने किया मौका मुआयना

जागरण टुडे, लखीमपुर खीरी

उत्तर प्रदेश के जनपद पीलीभीत-बस्ती हाईवे पर सोमवार की सुबह भीषण हादसा हो गया। थाना ईसानगर के गांव अदलीसपुर के मजरा भरेहटा के पास ट्रक और मैजिक में आमने-सामने से भीषण टक्कर हो गई। हादसे में मैजिक सवार सभी 10 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक इंजीनियर, एक सरकारी शिक्षिका और एक व्यापारी शामिल है। पुलिस ने सभी शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे हैं।


हादसा सुबह करीब 7:15 मिनट पर हुआ। लखीमपुर से मैजिक सवारियों को भरकर सिसैया की तरफ जा रही थी। गांव अदलीसपुर के मजरा भरेहटा के पास सामने से धान की पॉलिश भरी बोरियां लेकर आ रहे ट्रक और मैजिक में सीधी टक्कर हो गई। हादसा इतना भयंकर था कि मैजिक के परखच्चे उड़ गए।

मैजिक में बैठे लोगों के सिर फट गए। कई लोग सीट के बीच में फंस गए। कुछ लोग उछलकर मैजिक से बाहर रोड पर आ गिरे। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से भाग निकला। तेज धमाके की आवाज और भीषण टक्कर देख तमाम लोग मौके पर पहुंच गए। मैजिक से लेकर सड़कों तक बिखरे पड़े शव देख लोग दहल उठे। सूचना पर डीएम अंजनी कुमार सिंह, एसपी डॉ. ख्याति गर्ग सहित पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा।

आनन-फानन में सीटों के बीच फंसे यात्रियों के शव बाहर निकाले गए। पुलिस ने सभी को एंबुलेंस आदि से सीएचसी भेजा, जहां डॉक्टर ने दो महिलाओं समेत 9 लोगों को मृत घोषित कर दिया। एक घायल ने जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया। प्रधानमंत्रीमोदी और मुख्यमंत्री योगी ने घटना पर गहरा दुख जताया है और मृतकों के परिवार वालों को दो-दो लाख रुपये आर्थिक मदद का एलान किया है।

मरने वालों में बहराइच के थाना मोतीपुर के गांव मनगौढिया निवासी इंजीनियर जयवीर सिंह, सीतापुर सदर कोतवाली के मोहल्ला विजय लक्ष्मीनगर निवासी शिक्षिका गायत्री वैश्य और बहराइच जिले के थाना मोतीपुर के मिहींपुरवा निवासी व्यापारी राजेश गोयल भी शामिल हैं।

मरने वालों में ये रहे शामिल

1.जयवीर सिंह (25) पुत्र पेशकार सिंह निवासी मनगौढिया थाना मोतीपुर जनपद बहराइच।

2.पवन कुमार (19) पुत्र संतोष निवासी रामवचनपुरवा थाना मूर्तिहा जनपद बहराइच।

3.सोहन पुत्र संतोष (21) निवासी रामवचनपुरवा थाना मूर्तिहा जनपद बहराइच।

4.अदनान पुत्र वकील (19) निवासी सिसैया कोतवाली जनपद खीरी।

5.राजेश गोयल (45) पुत्र मनीलाल गोयल निवासी ग्राम व थाना मिहीपुरवा जनपद बहराइच।

6.सहजराम (35) पुत्र छोटे निषाद निवासी ककरहा थाना मूर्तिहा जनपद बहराइच।

7.पप्पू (18) पुत्र दूलन गौतम निवासी देवदत्तपुर थाना खैरीघाट जनपद बरहाइच।

8.गायत्री वैश्य (44) पत्नी रमेशचन्द्र गुप्ता निवासी मोहल्ला विजय लक्ष्मीनगर कोतवाली नगर जनपद सीतापुर।

9.जुलेखा (55) पत्नी स्व हबीब निवासी ग्राम पलटूपुरवा कोतवाली धौरहरा जनपद लखीमपुर खीरी।

10.कलैश (40) पुत्र झब्बू लाल वर्मा निवासी अमेठी कोतवाली धौरहरा जनपद खीरी।

लखीमपुर से नानपारा बहराइच जा रही मय ड्राइवर 10 लोग सवार मैजिक और बहराइच से लखीमपुर आ रहे ट्रक में आमने-सामने की टक्कर हुई है। मैजिक में सवार 09 लोगों की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। वहीं एक व्यक्ति की मृत्यु अस्पताल ले जाते समय हो गई। मृतकों में आठ पुरुष और दो महिलाएं शामिल है। यह अत्यंत हृदयविदारक घटना है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। -अंजनी कुमार सिंह, डीएम, खीरी

घटना स्थल को देखने से प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि ओवरटेक करने में या किसी अन्य कारण से मैजिक अपनी लेन छोड़कर दूसरे लेन में गया, जिससे आमने-सामने की टक्कर हो गई। पुलिस और प्रशासन तत्पर है। मृतकों के परिजनों को हर संभव मदद प्रदान की जा रही है। -डॉ. ख्याति गर्ग, एसपी खीरी

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.