बरेली जनपद के मीरगंज कोतवाली क्षेत्र के तिलमास गांव में रविवार दोपहर एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां तालाब में नहाने गए तीन बच्चों की डूबने से मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और मृतक बच्चों के घरों में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तिलमास गांव निवासी त्रिवेंद्र (10 वर्ष) पुत्र चरन सिंह यादव, आयुष (9 वर्ष) पुत्र जियालाल कश्यप और अंश (8 वर्ष) पुत्र सुरेंद्र पाल गंगवार रविवार दोपहर करीब 2 से 3 बजे के बीच अपने घरों से एक साथ गांव के तालाब पर नहाने के लिए गए थे। बताया जा रहा है कि तीनों बच्चे तालाब में उतरकर नहाने लगे, इसी दौरान अचानक वे गहरे पानी में चले गए और एक-एक कर डूबने लगे।
दोपहर का समय होने के कारण तालाब के आसपास कोई मौजूद नहीं था, जिससे बच्चों की मदद के लिए कोई तुरंत नहीं पहुंच सका। कुछ समय बाद जब ग्रामीण तालाब के पास से गुजरे तो उन्होंने बच्चों को पानी में तैरते हुए देखा। यह दृश्य देख ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। तत्काल ग्रामीणों ने तीनों बच्चों को तालाब से बाहर निकाला और उन्हें इलाज के लिए मीरगंज के एक चिकित्सक के पास ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। वहीं, बच्चों की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और हर कोई इस दुखद घटना से स्तब्ध है।
पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में जलाशयों के आसपास सुरक्षा इंतजामों की कमी को उजागर कर दिया है।