2018 के बाद अप्रैल माह में टूटा गर्मी का रिकार्ड, पारा 41.2 डिग्री सेल्सियस पहुंचा
इस बार अप्रैल में उम्मीद से ज्यादा गर्म हुए मौसम के मिजाज ने लोगों का बुरा हाल कर दिया हैं। बरेली में पिछले आठ दिन से तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के उपर बना हुआ है। सोमवार को सुबह से ही चिलचिलाती धूप निकली, जिससे लोग पसीना-पसीना होने लगे। इससे एक दिन पहले रविवार को अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री रहा था। वर्ष 2018 के बाद से इस साल अप्रैल माह सर्वाधिक गर्म रहा, जबकि रात में पिछले छह वर्षों की गर्मी का रिकॉर्ड टूटा है।
पिछले आठ वर्षों की बात करें तो इस साल पहली बार अप्रैल माह में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा था। शुक्रवार को तापमान 41.2 डिग्री रहने पर जनजीवन प्रभावित दिखा। दोपहर के समय शहर की सड़के सूनी रहीं। बाजार में खरीदारों की संख्या भी काफी कम राही, जो लोग बाजार में निकले उन्होंने भी लू से बचने के लिए चेहरे को कपड़े से ढ़का हुआ था।
आलम यह है कि तापमान में वृद्धि की वजह से लोगों का घर से निकलना मुश्किल है। जानवर तक तेज धूप से बचने के लिए छांव तालाशते नजर आते हैं। मौसम के तीखे तेवर से किसानों की चिंता भी बढ़ गई है। खेतों में खड़ी फसलों पर भी गर्मी की मार पड़ने की आशंका है।
मौसम विभाग का कहना है कि आमतौर पर अप्रैल के महीने में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर दो से तीन बार ही जाता है, लेकिन, इस बार हालात उलट देखने को मिल रहे हैं। आठ दिन से तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना है।
28 के बाद झुलसाती गर्मी से मिलेगी कुछ राहत
मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान में सक्रिय गर्म पछुआ हवाओं और प्रतिचक्रवात का प्रभाव जल्द कम होने वाला है। एक नया पश्चिमी विक्षोभ 27 अप्रैल को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में दस्तक देगा, जिसके असर से 28 अप्रैल से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल जाएगा।
मौसम वैज्ञानिकों का पूर्वानुमान है कि बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी के कारण 28 अप्रैल से गरज-चमक के साथ बारिश का सिलसिला शुरू होगा। यह सिलसिला मई की शुरुआत तक जारी रह सकता है। इस बदलाव की वजह से तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की बड़ी गिरावट आने की संभावना है, जिससे लोगों को लू के थपेड़ों से कुछ हद तक निजात मिल जाएगी।
दोपहर में बहुत जरूरी हो तभी घर से न निकालें
बढ़ते तापमान और लू के प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की ओर से अलर्ट जारी किया गया है। सीएमओ डा. विश्राम सिंह ने हीट वेव से बचाव के लिए अधिक से अधिक पानी पीने की सलाह दी है। उनका कहना है कि शरीर में पानी की कमी न होने दे और घर में बने पेय पदार्थ जैसे लस्सी, नींबू का पानी और छाछ का नियमित सेवन करें। चाय काफी और अधिक शंकरा युक्त ठंडे पेय से दूरी बनाने की सलाह दी है