बरेली जनपद के मीरगंज क्षेत्र के गांव मनकरा के जंगल में मंगलवार को अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। तेज हवाओं के चलते आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया और सैकड़ों एकड़ क्षेत्र में फैली पराली, भूसे के ढेर तथा बड़ी संख्या में पेड़ जलकर राख हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने प्रशासन और फायर ब्रिगेड को अवगत कराया, जिसके बाद दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और ग्रामीणों के सहयोग से आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया।
आग का दायरा काफी बड़ा होने के कारण उसे नियंत्रित करने में दमकल कर्मियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। लंबे प्रयासों के बाद आग पर काबू पाने की कोशिश जारी रही। इस घटना से क्षेत्र में भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।