उत्तर प्रदेश में गर्मी का सितम बढ़ता जा रहा है। बैसाख में ही जेठ जैसी तपन महसूस होने लगी है। शाहजहांपुर जनपद में रविवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का उच्च स्तर माना जा रहा है। हालांकि आने वाले दिनों में गर्मी और सताएगी।
तेज धूप और गर्म हवा के थपेड़ों ने दोपहर के समय लू जैसे हालात पैदा कर दिए हैं, जिससे आम जनजीवन पर सीधा असर पड़ा है। दोपहर होते-होते बाजारों और सड़कों पर सन्नाटा छाने लगा है और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं।
तेज गर्मी और तपिश का सबसे ज्यादा असर स्कूली बच्चों पर पड़ रहा है। छुट्टी के समय घर लौटते वक्त बच्चों को तेज धूप और गर्म हवाओं का सामना करना पड़ रहा है, जिससे उन्हें परेशानी उठानी पड़ रही है। वहीं कामकाजी लोग गर्मी से बचने के लिए गमछा, टोपी और छाता का सहारा ले रहे हैं।
गर्मी के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग भी पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। राजकीय मेडिकल कॉलेज सहित सीएचसी और पीएचसी पर हीट स्ट्रोक के मरीजों के लिए विशेष बेड आरक्षित किए गए हैं। साथ ही ओआरएस घोल और जीवन रक्षक दवाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।
पिछले दस दिनों में अधिकतम तापमान में तीन डिग्री की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है, जो तेजी से बढ़ती गर्मी का संकेत है। शनिवार से पहले तापमान 40 डिग्री से नीचे बना हुआ था। रविवार को अचानक से तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिली। तापमान अचानक से 40 डिग्री को पार कर गया। रविवार को सुबह से अचानक से गर्मी में तेजी देखी गई। दोपहर होते-होते गर्म हवाओं का अहसास होने लगा। ऐसे में लोग मुंह को गमछे आदि से ढके हुए देखे गए। महिला और बच्चे भी मुंह ढके हुए देखे गए।
गन्ना का जूस, बेल का शरबत और ठंडे पेय पदार्थों की मांग बढ़ी
गर्मी के असर से बाजारों में भी बदलाव देखने को मिल रहा है। गन्ना जूस, बेल का शरबत और ठंडे पेय पदार्थों की मांग में तेजी आई है। ऑटो व ई रिक्शा चालकों ने बताया कि तेज धूप के कारण दोपहर के समय सवारियां नहीं मिल रही हैं, जिससे आमदनी पर असर पड़ा है। वहीं किसानों का कहना है कि तेज हवा के कारण गेहूं की मड़ाई में दिक्कत आ रही है और भूसा उड़ने के कारण उन्हें रात में मड़ाई करनी पड़ रही है।
भीषण गर्मी की चेतावनी का अलर्ट जारी
भीषण गर्मी को देखते हुए नागरिक सुरक्षा विभाग की ओर से अत्यधिक आपात चेतावनी जारी की गई है। रविवार से 31 मई तक सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे के बीच खुले स्थानों पर बाहर न निकलने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान तापमान 45 डिग्री से 55 डिग्री तक पहुंच सकता है।