किसानों की सुविधा, पारदर्शी खरीद और समयबद्ध भुगतान पर जोर, गैरहाजिर केंद्र प्रभारी पर जताई नाराजगी
गेहूं खरीद व्यवस्था को पारदर्शी, सुचारु और किसान हितैषी बनाने के उद्देश्य से शनिवार को अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) पूर्णिमा सिंह ने उपजिलाधिकारी मीरगंज आलोक कुमार के साथ मीरगंज में संचालित सरकारी गेहूं क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकांश केंद्रों पर व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं, जबकि एक केंद्र पर प्रभारी के अनुपस्थित मिलने पर एडीएम ने कड़ी नाराजगी जताते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एडीएम पूर्णिमा सिंह ने खरीद प्रक्रिया, किसानों के पंजीकरण, तौल व्यवस्था, अभिलेखों के रखरखाव और भुगतान व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और खरीद प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, समयबद्ध और व्यवस्थित ढंग से संचालित की जाए।
एक केंद्र प्रभारी की गैरहाजिरी को गंभीर लापरवाही मानते हुए एडीएम ने दो टूक कहा कि सरकारी कार्यों में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाह अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
मीडिया से बातचीत में एडीएम पूर्णिमा सिंह ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप किसानों से सुचारु रूप से गेहूं खरीद सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर अनियमितता या शिकायत मिलने पर कठोर कदम उठाए जाएंगे।
वहीं एसडीएम आलोक कुमार ने बताया कि सभी क्रय केंद्रों की लगातार निगरानी की जा रही है और शिकायत मिलने पर तत्काल जांच कर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने केंद्र प्रभारियों को समय से उपस्थित रहने और किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
प्रशासन ने सभी केंद्रों पर किसानों के पंजीकरण, फार्मर रजिस्ट्री, तौल, भुगतान, साफ-सफाई, पेयजल, छाया और बैठने जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए हैं।