8 अप्रैल की घटना में नामजद आरोपी सतीश गिरफ्तार, न्यायालय में पेशी की तैयारी; पुलिस की कार्रवाई तेज
बरेली जनपद के थाना मीरगंज में मंदबुद्धि युवती से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को शनिवार को मीरगंज स्थित नल नगरिया अड्डे से दबोचा गया।पुलिस के अनुसार, 8 अप्रैल को पीड़िता की मां की तहरीर पर थाना मीरगंज में आरोपी सतीश पुत्र फतेह सिंह और वीरपाल पुत्र होरीलाल निवासीगण ग्राम मसीहाबाद के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप है कि मंदबुद्धि युवती के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया था।
मामले की विवेचना निरीक्षक अपराध संजय तोमर द्वारा की जा रही है। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर शनिवार को वांछित आरोपी सतीश को नल नगरिया अड्डे से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने शराब के नशे में युवती की मानसिक स्थिति का फायदा उठाकर गलत काम करने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
गिरफ्तारी टीम में निरीक्षक अपराध संजय तोमर, उपनिरीक्षक पंकज कुमार, उपनिरीक्षक श्रीनिवास सिंह और कांस्टेबल नितिन नागर शामिल रहे।