जागरण टुडे, बरेली
शहर में प्रस्तावित जादूगर “बादशाह” का उद्घाटन शो शुक्रवार को अनुमति न मिलने के कारण शुरू नहीं हो सका। संजय गांधी कम्युनिटी हॉल में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम के लिए बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचे, लेकिन प्रवेश नहीं मिलने पर उन्हें मायूस होकर लौटना पड़ा।
आयोजकों ने 17 अप्रैल से शो शुरू करने का व्यापक प्रचार-प्रसार किया था। शहर के विभिन्न स्थानों पर होर्डिंग और अन्य माध्यमों से प्रचार किया गया, जिसके चलते लोगों में उत्सुकता थी। तय समय पर जब दर्शक हॉल पहुंचे तो उन्हें बताया गया कि कार्यक्रम के लिए प्रशासनिक अनुमति अभी प्राप्त नहीं हुई है, इसलिए शो को एक दिन के लिए स्थगित कर दिया गया है।
हॉल के प्रवेश द्वार पर मौजूद कर्मचारियों ने दर्शकों को जानकारी दी कि 18 अप्रैल से शो नियमित रूप से शुरू करने की तैयारी है। इस दौरान कुछ लोग अग्रिम टिकट बुकिंग भी कराते नजर आए। हालांकि, अनुमति न मिलने के कारण कार्यक्रम को लेकर संशय की स्थिति बनी रही।
जानकारी के अनुसार, ऐसे आयोजनों के लिए जिला प्रशासन से अनुमति लेना अनिवार्य होता है। इसके लिए संबंधित विभागों जैसे अग्निशमन, पुलिस और विद्युत सुरक्षा से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) लेना जरूरी होता है। इन सभी विभागों की अनुमति मिलने के बाद ही कार्यक्रम आयोजित करने की मंजूरी दी जाती है। सूत्रों के मुताबिक, आयोजकों द्वारा अभी तक आवश्यक एनओसी पूरी तरह प्राप्त नहीं की गई है।
बताया जा रहा है कि आयोजकों ने शो की तिथि पहले तय कर प्रचार शुरू कर दिया, जबकि प्रशासन में आवेदन बाद में किया गया। चर्चा है कि उद्घाटन से कुछ दिन पहले ही अनुमति के लिए आवेदन किया गया, जिससे प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष भी इसी हॉल में एक सर्कस शो बिना पूर्ण अनुमति के संचालित किया गया था, जिसे बाद में प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद बंद कराना पड़ा था। ऐसे में इस बार भी अनुमति को लेकर सख्ती बरती जा रही है।
फिलहाल, दर्शक शो के शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं, जबकि प्रशासनिक अनुमति मिलने के बाद ही कार्यक्रम आयोजित किए जाने की संभावना है।