भांगड़ा-गिद्धा की शानदार प्रस्तुतियां, नन्हे बच्चों से लेकर वरिष्ठ छात्रों तक ने दिखाई प्रतिभा | शबद कीर्तन से गूंजा आध्यात्मिक माहौल
बरेली जिला के मीरगंज क्षेत्र में संचालित बी डी एम पब्लिक स्कूल में बैसाखी एवं भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयंती बड़े उत्साह, उल्लास और गरिमामय माहौल में मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत विशेष प्रार्थना सभा से हुई, जिसमें विद्यार्थियों और शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।
इस अवसर पर छात्रों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। पंजाबी लोकनृत्य गिद्धा और भांगड़ा ने वातावरण को उत्सवमय बना दिया। किंडरगार्टन के नन्हे-मुन्ने बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और खूब तालियां बटोरीं।
वरिष्ठ विद्यार्थियों ने बैसाखी पर्व के महत्व तथा डॉ. भीमराव अम्बेडकर के जीवन, संघर्ष और उनके अमूल्य योगदान पर प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किए। छात्रा आलिमा का भाषण विशेष रूप से सराहनीय रहा। वहीं, शिक्षिकाओं हरलीन और रावलिन द्वारा प्रस्तुत शबद कीर्तन ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।
विद्यालय के डायरेक्टर अचल मिश्रा ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में बैसाखी के सामाजिक और सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को अपनी परंपराओं और मूल्यों से जुड़े रहने की प्रेरणा दी। साथ ही डॉ. अम्बेडकर के विचारों को आत्मसात कर उनके आदर्शों पर चलने का संदेश भी दिया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में शिक्षिकाएं अनामिका गुप्ता, नीतू गंगवार, सेजल रुहेला, नव्या गुप्ता, रश्मि गंगवार एवं रति चौधरी का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम में किंडरगार्टन, मिडिल एवं सीनियर सेकेंडरी वर्ग के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।अंत में प्रधानाचार्या डॉ. चारु खन्ना ने सभी प्रतिभागियों, शिक्षकों और आयोजन समिति का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया। कार्यक्रम का समापन हर्षोल्लास और उमंग के साथ हुआ।