Sunday, April 19, 2026

Bareilly News : मीरगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 518 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, भेजे गए जेल

लेखक: Omkar Gangwar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: April 14, 2026

Bareilly News : मीरगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 518 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, भेजे गए जेल

जागरण टुडे, मीरगंज (बरेली)

एसएसपी बरेली के द्वारा अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मीरगंज पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने दो स्मैक तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 518 ग्राम स्मैक, दो मोबाइल फोन और तस्करी में प्रयुक्त एक अपाचे बाइक बरामद की है। दोनों आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट के तहत जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, कोतवाली मीरगंज में तैनात उपनिरीक्षक सूरजपाल और अरुण कुमार अपनी टीम—कांस्टेबल रजत मलिक, अमित कुमार व विवेक शर्मा के साथ लभारी पुलिस चौकी क्षेत्र में वांछित अपराधियों की तलाश में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर मीरगंज फ्लाईओवर के पास स्थित एक मजार के निकट दो संदिग्धों को घेरकर पकड़ा गया।

पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम प्रेमपाल पुत्र रमई लाल और छंगा खां पुत्र छैला खां, निवासी ग्राम गुलड़िया, कोतवाली मीरगंज (बरेली) बताए। तलाशी के दौरान प्रेमपाल के पास से 260 ग्राम और छंगा खां के पास से 258 ग्राम स्मैक बरामद हुई। साथ ही दोनों के पास से रियलमी और बीबी कंपनी के दो मोबाइल फोन तथा एक अपाचे बाइक भी जब्त की गई।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे झारखंड से आने वाले ट्रक चालकों से स्मैक खरीदते थे और स्थानीय स्तर पर इसकी बिक्री कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी प्रेमपाल का आपराधिक इतिहास लंबा है। उसके खिलाफ वर्ष 2017 से 2025 तक मीरगंज कोतवाली में एनडीपीएस एक्ट के तहत तीन मुकदमे, बदायूं के अजीमनगर थाने में एक मुकदमा तथा रामपुर के गंज थाने में आबकारी अधिनियम के तहत एक मुकदमा दर्ज है। इस प्रकार उसके खिलाफ कुल 6 मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। वहीं, छंगा खां के खिलाफ भी पहले से एक एनडीपीएस का मुकदमा दर्ज था और अब एक और मामला दर्ज हुआ है।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय तोमर ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर दोनों तस्करों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है और उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया गया है।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.