ऑनलाइन बिजली कटने के बाद भी कटिया डाल रहे थे लोग
ऑनलाइन विद्युत कनेक्शन कटने के बावजूद पिछले 10 दिनों से रिचार्ज न कराने वालों, हाई लाइन लॉस क्षेत्रों में मॉर्निग रेंड व कांबिंग अभियान चलाया गया। शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में एक साथ हुई रेड में कुल 600 उपभोक्ताओं के कनेक्शन चेक किए गए। चेकिंग के दौरान 52 घरों में बिजली चोरी पकड़ी गई। सभी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई।
मुख्य अभियंता ज्ञान प्रकाश ने बताया कि शनिवार को 10 दिनों से अधिक समय से कनेक्शन कटने के बावजूद रिचार्ज न कराने वाले व हाई लाइन लॉस क्षेत्रों में वृहद मॉर्निग रेंड एवं कांबिंग अभियान चलाया गया। चेकिंग के दौरान ग्रामीण क्षेत्र में 473 उपभोक्ताओं के कनेक्शन चेक कराए गए। इसमें 44 के घरों में बिजली चोरी पकड़ी गई।
इस दौरान 23 बकायेदार उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गए। आठ के मीटर बदलने के साथ 3.64 लाख रुपये राजस्व वसूली की गई। इसी प्रकार नगर क्षेत्र में कुल 127 उपभोक्ताओं के कनेक्शन चेक किए गए। इसमें आठ घरों में बिजली चोरी मिलने पर एफआईआर दर्ज कराई गई। वहीं 102 बकायेदारों के कनेक्शन काटे गए। बिजली चोरी के मामलों को आरएमएस पोर्टल पर भी अपलोड किया गया।
मुख्य अभियंता ने बताया कि कार्रवाई इस तरह की आगे भी जारी रहेगी।