राजेंद्र प्रसाद डिग्री कॉलेज, मीरगंज (बरेली) में भारत सरकार द्वारा संचालित “बाल विवाह मुक्त भारत” 100 दिवसीय अभियान के अंतर्गत जन-जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. शिव कुमार सिंह के कुशल निर्देशन में किया गया।
इस अवसर पर छात्र-छात्राओं के बीच पोस्टर प्रतियोगिता एवं हस्ताक्षर अभियान आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पोस्टर प्रतियोगिता में बी.ए. द्वितीय सेमेस्टर की छात्रा शिवानी ने प्रथम स्थान तथा अर्चना ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। विद्यार्थियों ने अपने पोस्टरों के माध्यम से बाल विवाह जैसी कुप्रथा के खिलाफ जागरूकता फैलाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति जागरूकता बढ़ाना, बच्चों के शिक्षा, स्वास्थ्य एवं मौलिक अधिकारों की रक्षा के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना तथा युवाओं को जिम्मेदार नागरिक के रूप में सामाजिक परिवर्तन के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम का सफल समन्वय डॉ. सचिन कुमार गिरि द्वारा किया गया। इस दौरान प्रो. विजय बहादुर सिंह बिष्ट, डॉ. रत्नाकर दुबे, डॉ. आनंद कुमार, डॉ. मोहम्मद फाइज, डॉ. संदीप तिवारी, डॉ. प्रवीण सिंह, डॉ. दीपांकर राव, डॉ. आलोक त्रिपाठी, डॉ. शिवप्रताप सिंह एवं वीरेन्द्र शर्मा सहित अन्य प्राध्यापकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।