बरेली के मीरगंज क्षेत्र में मच्छरों के बढ़ते प्रकोप और उनसे फैलने वाली बीमारियों की आशंका को देखते हुए धामपुर बायो ऑर्गेनिक्स लिमिटेड, मीरगंज द्वारा व्यापक स्तर पर मच्छरनाशी दवा का छिड़काव कराया गया। यह अभियान तहसील मीरगंज परिसर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मीरगंज और ग्राम नगरिया सादात सहित कई स्थानों पर चलाया गया।
गर्मियों के आगमन के साथ ही मच्छरों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है, जिससे डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए कंपनी ने जनहित में यह पहल की, जिससे क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके। छिड़काव अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों, स्वास्थ्य केंद्र परिसर और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष ध्यान दिया गया, ताकि संक्रमण फैलने की संभावना को कम किया जा सके।
इस अवसर पर तहसीलदार मीरगंज आशीष कुमार सिंह, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक डॉ. वैभव राठौर और डॉ. विनय भदौरिया तथा ग्राम नगरिया सादात के प्रधान शिवकुमार ने कार्यक्रम की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रयास न केवल जनस्वास्थ्य की दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी का भी उत्कृष्ट उदाहरण हैं।
धामपुर बायो ऑर्गेनिक्स लिमिटेड के इकाई प्रमुख सरबजीत सैनी ने बताया कि कंपनी क्षेत्र के ग्रामीणों और किसान भाइयों के स्वास्थ्य के प्रति सजग है। मच्छरों के प्रकोप को नियंत्रित करने और उनसे होने वाली बीमारियों की रोकथाम के लिए यह अभियान चलाया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में भी कंपनी ऐसे जनहितकारी कार्यों को निरंतर जारी रखेगी।
कार्यक्रम को सफल बनाने में कारखाना प्रबंधक अरविंद गंगवार और वरिष्ठ प्रबंधक (प्रशासन) संजय कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारियों का विशेष सहयोग रहा। स्थानीय लोगों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए इसे समय की आवश्यकता बताया।