Sunday, April 19, 2026

Badaun News : भाजपा का 47वां स्थापना दिवस उत्साह से मनाया

लेखक: Vikas Srivastav | Category: उत्तर प्रदेश | Published: April 6, 2026

Badaun News : भाजपा का 47वां स्थापना दिवस उत्साह से मनाया

जागरण टुडे, बदायूँ

बदायूं जनपद में भारतीय जनता पार्टी का 47वां स्थापना दिवस रविवार को पूरे उत्साह और भव्यता के साथ मनाया गया। जिला भाजपा कार्यालय से लेकर मंडल और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं ने ध्वजारोहण कर पार्टी के प्रति अपनी निष्ठा और समर्पण का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर जिला मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता, सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा यादव सहित कई जनप्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण के साथ हुई, जिसके बाद एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी में वक्ताओं ने पार्टी की उपलब्धियों, संगठन की मजबूती और सेवा के संकल्प पर प्रकाश डाला। जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन चुकी है, जो करोड़ों कार्यकर्ताओं की मेहनत, त्याग और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा का एक सशक्त माध्यम है।

उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर नई पहचान बनाई है और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं। यह अंत्योदय के सिद्धांत को साकार करने का प्रमाण है। वहीं उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सुशासन, सुरक्षा और विकास के नए आयाम स्थापित हुए हैं।

सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता और उसकी स्पष्ट विचारधारा है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों ने मिलकर देश और प्रदेश के विकास को नई दिशा दी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करें और सरकार की योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाएं।

जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा यादव ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ कार्य करता है। यही संगठन की असली ताकत है, जो इसे लगातार आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकारें गरीबों, किसानों, युवाओं और महिलाओं के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं चला रही हैं, जिनका लाभ समाज के हर वर्ग को मिल रहा है।

राष्ट्रीय परिषद सदस्य हरप्रसाद सिंह पटेल ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन की मजबूती और विचारधारा की महत्ता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के समर्पण और मेहनत से ही भाजपा ने देश की राजनीति में एक मजबूत स्थान हासिल किया है।

कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री शैलेन्द्र मोहन शर्मा ने किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक धर्मेंद्र शाक्य, पूर्व मंत्री राममूर्ति लाल, पूर्व चेयरमैन दीपमाला गोयल, क्षेत्रीय संयोजक बुद्धपाल सिंह, मनोज मशीह, शारदेन्दु पाठक सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.