बरेली के थाना बिथरी चैनपुर के गांव पुरनापुर में रविवार को चली गोली से महिला हुई थी घायल
बिथरी चैनपुर इलाके के गांव पुरनापुर में दो पक्षों के विवाद हुए के दौरान एक महिला को गोली मारकर कर घायल कर दिया था। इस मामले में जांच के दौरान सामने आया कि हल्का इंचार्ज और बीट सिपाही को मामले की जानकारी थी, लेकिन आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई थी। जांच रिपोर्ट के आधार पर एसएसपी अनुराग आर्य ने आरोपी दरोगा और सिपाही को निलंबित कर दिया। दोनों के खिलाफ विभागीय जांच शुरु कर दी गई है।
बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र के गांव पुरनापुर में पूर्व से चल रहे विवाद के चलते दो पक्षों के बीच 4 अप्रैल को गाली-गलौज व मारपीट की घटना हुई थी। इस संबंध में दोनों पक्षों द्वारा थाना बिथरी चैनपुर में एक दूसरे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच में पाया गया कि विवाद का मूल कारण पूर्व में युवती को भगा ले जाने की घटना से उत्पन्न आपसी रंजिश थी, जो लगातार बढ़ती जा रही थी।
जांच के दौरान यह भी प्रकाश में आया कि प्रकरण की जानकारी होने के बावजूद संबंधित हल्का प्रभारी एसआई अमरेश कुमार द्वारा समय रहते प्रभावी कार्यवाही नहीं की गई। बीट आरक्षी आकाश द्वारा भी उच्चाधिकारियों को विवाद की गंभीरता से अवगत नहीं कराया गया। जिसके चलते रविवार को दोनों पक्षों में विवाद बढ़ने के बाद महिला को गोली मारकर घायल कर दिया गया था।
लापरवाही मिलने पर एसएसपी अनुराग आर्य ने दरोगा अमरेश कुमार और बीट सिपाही आकाश को निलबित करके विभागीय जांच शुरु करा दी है।