Sunday, April 19, 2026

बरेली न्यूज: जांच में ठेकेदार, दो जेई, सफाई नायक और सुपरवाइजर दोषी

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: April 4, 2026

बरेली न्यूज: जांच में ठेकेदार, दो जेई, सफाई नायक और सुपरवाइजर दोषी

24 मार्च की रात सेटेलाइट के पास खुले नाले में गिरकर युवक की हुई थी मौत

टेलीग्राम संवाद, बरेली

सेटेलाइट बस स्टैंड के पास खुले नाले में 24 मार्च की रात हरदोई के युवक के गिरकर हुई मौत के मामले में जांच टीम ने जांच पूरी कर ली है। नगर निगम की जांच कमेटी ने जांच में ठेकेदार समेत पांच लोगों को दोषी ठहराया है। अपर नगर आयुक्त और अधिशासी अभियंता ने जांच रिपोर्ट नगर आयुक्त को सौंप दी है। नगर आयुक्त को कार्रवाई करनी है। उसके बाद शासन को रिपोर्ट भेजी जाएगी।

24 मार्च की रात हरदोई निवासी तौहीद नाले में गिर गया था। करीब 30 घंटे बाद उसका शव नाले से बरामद किया गया था। जिसके बाद मामला तूल पकड़ गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने जांच कमेटी गठित की थी। कमेटी ने 10 दिन में रिपोर्ट सौंपते हुए दो जेई, एक सफाई नायक और सुपरवाइजर को दोषी पाया है।

जांच में यह भी सामने आया कि संबंधित ठेकेदार ने सुरक्षा मानकों की अनदेखी की थी। नाले को ढकने या चेतावनी के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे। ठेकेदार की फर्म को ब्लैकलिस्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इधर, लापरवाही बरतने वाले सुपरवाइजर और सफाई नायक पर कार्रवाई की गाज गिर चुकी है। अन्य दोषियों के खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

जांच रिपोर्ट में कार्रवाई का रोडमैप तय

नगर निगम की जांच कमेटी ने खुलासा किया है कि खुले नाले में गिरकर हुई तौहीद की मौत में दोषी पाए गए अफसरों और कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस रिपोर्ट के आधार पर सुपरवाइजर और सफाई नायक पर तत्काल विभागीय कार्रवाई, निलंबन और दंड की प्रक्रिया होगी। जबकि जेई और सफाई निरीक्षक पर अनुशासनात्मक जांच के बाद दंड या चेतावनी और ठेकेदार फर्म ब्लैकलिस्ट, भविष्य में कोई भी नगर निगम प्रोजेक्ट न लेने की सिफारिश बनी है।

कमेटी ने भविष्य में ऐसी घटना न हो, इसके लिए कई सुझाव दिए हैं, जैसे नालों को ढकना, चेतावनी बोर्ड लगाना और नियमित निगरानी शामिल है। रिपोर्ट को शासन स्तर तक भेजा जाएगा, ताकि सभी जिम्मेदारों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।

शासन स्तर पर भी हो सकती है कार्रवाई

जांच कमेटी ने अपनी रिपोर्ट नगर आयुक्त को सौंप दी है। अब नगर आयुक्त स्तर पर जो भी एक्शन होगा वो अलग है शासन को भी पूरे प्रकरण की एक रिपोर्ट भेजी जाएगी। इस मामले को लेकर नगर निगम के निर्माण, स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। ऐसे में शासन स्तर से भी इस मामले में कार्रवाई तय मानी जा रही है।

तौहीद की मौत मामले में जांच कमेटी ने रिपोर्ट सौंप दी है। इस जांच रिपोर्ट को विस्तृत रूप से पढ़ने के बाद ठेकेदार समेत सभी दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करते हुए शासन को रिपोर्ट भेजी जाएगी। - संजीव कुमार मौर्य, नगर आयुक्त

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.