बरेली कॉलेज प्रशासन ने शैक्षणिक और प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से प्रमुख पदों पर फेरबदल किया है। प्राचार्य प्रो ओपी राय ने विभिन्न विभागों के वरिष्ठ शिक्षकों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
बरेली कॉलेज में फेरबदल के बाद चीफ प्रॉक्टर पद पर गणित विभाग के प्रो इंदीवर सिंह चौहान को नियुक्त किया गया है। वहीं, डीएसडब्ल्यू (डीन स्टूडेंट वेलफेयर) पद पर रसायन विभाग के प्रो एमबी कलहंस को जिम्मेदारी दी गई है। इसी क्रम में मुख्य प्रवेश नियंत्रक और परीक्षा नियंत्रक का प्रभार भौतिकी विभाग के प्रो ए.के. सिंह को सौंपा गया है।
यह भी पढ़ें: इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय कोतवाली और दिनेश शर्मा बहेड़ी प्रभारी बने
स्थापना प्रभारी, नैक प्रभारी और महिला समस्या निवारण प्रकोष्ठ का दायित्व राजनीति विभाग की प्रो वंदना शर्मा को दिया गया है। इसके अलावा आईक्यूएसी समिति के संयोजक के रूप में दर्शन शास्त्र विभाग के प्रो आर.के. गुप्ता को नामित किया गया है। कॉलेज प्रशासन का मानना है कि इस प्रशासनिक फेरबदल से कार्यो में बेहतर समन्वय स्थापित होगा और शैक्षणिक, प्रवेश व परीक्षा संबंधी व्यवस्थाएं अधिक सुचारु रूप से संचालित हो सकेंगी।
बरेली कॉलेज में पहले से थीं बदलाव की चर्चाएं
बरेली कॉलेज में शिक्षकों और कर्मचारियों के बीच जिम्मेदारियों में बदलाव को लेकर लगातार चर्चाएं चल रही थी। अंदरखाने यह माना जा रहा था कि जल्द ही कई महत्वपूर्ण प्रभारों में परिवर्तन हो सकता है। विभिन्न विभागों में नए दायित्वों को लेकर कयासों का दौर भी जारी था। इन्हीं कयासों के बाद पूर्व चीफ प्रॉक्टर प्रो आलोक खरे ने 30 मार्च को अपना इस्तीफा प्राचार्य को दिया था। अंतत प्रशासनिक फेरबदल के आदेश जारी होते ही इन चर्चाओं पर मुहर लग गई।
बरेली बवाल: आईएमसी का फर्जी पत्र जारी करने के आरोपी की जमानत अर्जियां खारिज