ओमकार गंगवार,मीरगंज(बरेली)
अपना दल (कमेरावादी) की राष्ट्रीय अध्यक्ष पल्लवी पटेल शनिवार को बरेली जनपद के मीरगंज पहुंचीं, जहां आयोजित एक जनसभा में उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों पर जोरदार हमला बोला। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, पदाधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
अपने संबोधन में पल्लवी पटेल ने देश की आर्थिक स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार एक ओर भारत को विश्व की बड़ी अर्थव्यवस्था बताती है, वहीं दूसरी ओर देश की बड़ी आबादी मुफ्त राशन पर निर्भर है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यदि अर्थव्यवस्था मजबूत है, तो 80 प्रतिशत लोगों को राशन के लिए कतार में खड़ा होने की जरूरत क्यों पड़ रही है।
आरक्षण और सामाजिक न्याय के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि पिछड़े वर्ग को मिलने वाला 27 प्रतिशत आरक्षण पूरी तरह लागू नहीं हो पा रहा है। उनका आरोप था कि सत्ता और संसाधनों पर सीमित वर्ग का वर्चस्व बना हुआ है। उन्होंने सरकार से जल्द जातिगत जनगणना कराने की मांग करते हुए कहा कि इससे समाज के सभी वर्गों की वास्तविक स्थिति सामने आएगी और उसी आधार पर अधिकार और हिस्सेदारी तय हो सकेगी।
शिक्षा व्यवस्था को लेकर उन्होंने उत्तर प्रदेश में सरकारी स्कूलों की स्थिति पर चिंता जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में करीब 27 हजार सरकारी स्कूल बंद करने की तैयारी की जा रही है, जिससे गरीब, दलित और पिछड़े वर्ग के बच्चों की शिक्षा प्रभावित होगी। उन्होंने कहा कि सरकार को शिक्षा को मजबूत करने पर ध्यान देना चाहिए, न कि स्कूलों को बंद करने पर।
अपने भाषण में उन्होंने यह भी कहा कि सामाजिक आंदोलनों की कमी के कारण दलित और पिछड़े वर्ग को नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने बुद्धिजीवियों से आगे आकर वंचित वर्गों की आवाज बुलंद करने की अपील की।
इसके अलावा उन्होंने किसानों की आय दोगुनी करने के दावों और यूजीसी के नियमों में किए जा रहे बदलावों पर भी सवाल उठाए। कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने और जनहित के मुद्दों को उठाने का संकल्प लिया।