जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
जनपद न्यायाधीश रामेश्वर, जिलाधिकारी प्रणय सिंह एवं पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह ने संयुक्त रूप से जिला कारागार का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने जेल परिसर का बारीकी से निरीक्षण करते हुए बंदियों से मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जेल अधीक्षक को निर्देश दिए कि बंदियों को सभी आवश्यक सुविधाएं समय से उपलब्ध कराई जाएं और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने विशेष रूप से सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं पर ध्यान देने के निर्देश दिए।
इस दौरान टीम ने रसोई घर, खाद्यान्न स्टोर, महिला बैरक, पुरुष बैरक तथा किशोर बैरक का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को परखा। महिला बैरक में पहुंचकर अधिकारियों ने वहां रह रही बंदियों से बातचीत कर उन्हें मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।
निरीक्षण के समय मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अनुपमा सिंह, प्रभारी सचिव विधिक सेवा प्राधिकरण खान जीशान मसूद, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव अग्रवाल, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग तथा उप निदेशक कृषि सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।