जागरण टुडे,मीरगंज(बरेली)
बरेली जनपद के मीरगंज में व्यापार मंडल एवं सर्राफा व्यापार मंडल के पदाधिकारियों और व्यापारियों द्वारा वरिष्ठ समाजसेवी एवं सर्राफा व्यापारी रामपाल गुप्ता के प्रतिष्ठान पर मीरगंज बार एसोसिएशन के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम में बार एसोसिएशन के चौथी बार निर्वाचित अध्यक्ष अशोक उपाध्याय एडवोकेट, उपाध्यक्ष अरविन्द कुमार, सह सचिव प्रेमपाल मौर्य, मुराद बेग एडवोकेट, रईस अहमद एडवोकेट तथा पूर्व अध्यक्ष सतीश चन्द्र एडवोकेट को पगड़ी, फूलमालाओं एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक उपाध्याय ने कहा कि व्यापार मंडल के पदाधिकारी और व्यापारी हमारे परिवार के सदस्य हैं। उन्होंने कहा कि मीरगंज बार एसोसिएशन के इतिहास में पहली बार व्यापारियों द्वारा इस प्रकार का अभूतपूर्व सम्मान किया गया है, जिसके लिए वे सभी के आभारी हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि व्यापारियों की किसी भी समस्या के समाधान के लिए अधिवक्ता सदैव तत्पर रहेंगे।
व्यापार मंडल अध्यक्ष रामनारायण गुप्ता ने कहा कि बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मीरगंज के ही निवासी हैं, जो पूरे नगर के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि अब व्यापारी और अधिवक्ता मिलकर मीरगंज के विकास को नई गति देंगे।
कार्यक्रम में महामंत्री जीशान अंसारी, कोषाध्यक्ष सेपू गुप्ता, तहसील कोषाध्यक्ष संजीव गुप्ता, मीडिया प्रभारी रवि गुप्ता, मंत्री कैलाश गंगवार, युवा अध्यक्ष चरणजीत सिंह, युवा महामंत्री अरविन्द गंगवार, विनीत सांख्यिधर, अनुज पांडे, कुश गुप्ता, पूर्व प्रधान सुबोध सिंह सहित अनेक व्यापारी उपस्थित रहे।
अंत में समाजसेवी रामपाल गुप्ता ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।