Tuesday, March 31, 2026

Bareilly News: भरी पंचायत में सास और साले की चाकू घोंपकर हत्या, पत्नी की हालत नाजुक

लेखक: Jagran Today | Category: ताजा खबर | Published: March 16, 2026

Bareilly News: भरी पंचायत में सास और साले की चाकू घोंपकर हत्या, पत्नी की हालत नाजुक

इज्जतनगर क्षेत्र के रहपुरा चौधरी में हुई घटनाख् एडीजी व एसएसपी ने किया मौका मुआयना

 जागरण टुडे, बरेली

इज्जतनगर इलाके के रहपुरा चौधरी में पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद को सुलझाने के लिए बुलाई गई पंचायत के दौरान युवक ने पत्नी, अपने साले और सास पर चाकू से ताबड़तोड़ हमले कर कर दिया। इस हमले में युवक की सास और साले की मौत हो गयी, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सरेआम डबल मर्डर होने का पता लगने पर पुलिस में हड़कंप मच गया। एडीजी रमित शर्मा, एसएसपी अनुराग आर्य और एसपी सिटी मानुष पारीक ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसएसपी ने आरोपी युवक की तलाश में तीन टीमें लगाई हैं।


बदायूं के डबल मर्डर की दहशत अभी शांत नहीं हुई कि सोमवार को बरेली के इज्जतनगर क्षेत्र में दिनदहाड़े हुए डबल मर्डर से सनसनी फैल गई। बताते हैं कि इज्जतनगर क्षेत्र के रहपुरा चौधरी निवासी अफसर का अपनी पत्नी साइमा से विवाद चल रहा था, जिससे साइमा अपने मायके में रह रही थी। इसी को लेकर सोमवार को पंचायत बुलाई गई थी। पंचायत के सामने साइमा ने ससुराल जाने से इनकार कर दिया। ससुराल वालों ने तरह-तरह के आरोप लगाए तो अफसर बौखला गया। पंचायत के दौरान ही अफसर ने चाकू से अपनी सास और साले पर हमलाकर दिया और दोनों पर ताबड़तोड़ प्रहार किए। इसमें आसमां और उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन आनन-फानन दोनों को लेकर एक निजी अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।


बीच-बचाव करने के दौरान आरोपी की पत्नी भी घायल हो गई। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद हत्यारोपी मौके से भाग गया। दोहरे हत्याकांड से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही इज्जतनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। घटना की सूचना मिलते ही एडीजी रमित शर्मा, एसएसपी अनुराग आर्य, एसपी सिटी मानुष पारीक, सीओ सिटी तृतीय पंकज श्रीवास्तव भी मौके पर जा पहुंचे और आसपास के लोगों से घटना की जानकारी जुटाई।


मामा की हत्या में जेल जा चुका है अफसर, घटना सीसीटीवी में कैद

दोहरे हत्याकांड के आरोपी का अपराधों से पुराना नाता रहा है। वर्ष 2004 में वह अपने मामा की हत्या के आरोप में जेल गया था, जिसके बाद जमानत पर छूट गया। वह अपने ससुरालियों पर पहले भी चाकू से हमला कर चुका था। रविवार रात हत्यारोपी अफसर ने पत्नी के साथ मारपीट की थी। इसी पर सोमवार को पड़ोस के रहने वाले राशिद के घर पर पंचायत हुई थी, लेकिन आरोपी पहले से ही तैयारी करके आया था, उसने विवाद सुलझाने के लिए हुई पंचायत में सास और साले पर चाकू से हमला करके उन्हें मौत के घाट उतार दिया। जबकि हमले में पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई।


2015 में जमानत पर जेल से बाहर आया था

रहपुरा चौधरी के लोगों ने बताया कि आरोपी अफसर 2004 बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र के उड़ला जागीर गांव में अपनी मामी के साथ प्रेम प्रसंग के चलते अपने सगे मामा की  चाकू मारकर हत्या कर चुका है। पुलिस ने अफसर और उसकी मामी को जेल भेजा था, लेकिन 2015 में वह जमानत पर जेल से बाहर आ गया था। उसके बाद वह सीबीगंज क्षेत्र में मिनी बाईपास स्थित एक निजी अस्पताल की एंबुलेंस चलाता था। वह गाड़ी सीबीगंज थाने के सामने खड़ी रखता था। थाने के पीछे ही उसने आईटीआर का एक कमरा घेर रखा है। आरोपी के खिलाफ सीबीगंज और इज्जनगर थाने में कई मुकदमे दर्ज बताए जा रहे है।

2017 में चाचा की लड़की से हुआ था निकाह

2017 में गांव के रहने वाले नन्ने खां ने अपनी बेटी सायमा की शादी भतीजे अफसर के साथ की थी। परिजनों के अनुसार शादी के बाद से ही अफसर पत्नी के साथ मारपीट करता था। पड़ोसियों ने बताया की विवाद के बाद आपस में राजी नामा करा दिया जाता था। साइमा की बहन साहिबा ने बताया- जीजा एंबुलेंस चलाते हैं। वो पहले भी कई बार मारपीट कर चुके हैं। 9 साल पहले मेरी बहन साइमा की उनसे शादी हुई थी। रविवार को भी उन्होंने मारपीट की थी। तब 112 पर फोन करके पुलिस बुलाई गई थी। इस पर वह घर से भाग गए थे। आरोप है कि पांच दिन पहले पति से विवाद होने के बाद सायमा अपने मायके में बच्चों के साथ आकर रहने लगी थी। मगर अफसर ने पड़ोसी राशिद ज्वैलर से कहा था कि एक बार और समझौता करा दीजिए, ईद का त्योहार नजदीक आ रहा है। पति-पत्नी साथ में मिलकर हंसी खुशी रहेंगे। 

सास को मारा था थप्पड़, पत्नी ने जताया था जान को खतरा

रविवार को पति-पत्नी में विवाद हुआ था। जिसके बाद पत्नी ने डायल 112 पर शिकायत करने के अलावा इज्जतनगर थाने में लिखित में शिकायत करके पति से जान का खतरा बताया था। मगर पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से नहीं लिया। गांव के लोगों का कहना है कि अगर पुलिस इसे गंभीरता से लेती तो आज दो जिंदगी बच गई होती। आरोपी खुलेआम धमकी दे रहा था कि 2004 में वह एक हत्या कर चुका है, एक दो हत्या अब कर देगा। लेकिन पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कोई जांच नहीं की। पुलिस से शिकायत करने के बाद आरोपी को डर था कि पुलिस कही उसे गिरफ्तार नहीं कर ले। पड़ोसियों ने बताया कि रविवार को आरोपी अफसर ने अपनी सास आसमा के चांटा मारा था, जबकि तमंचा लेकर गली में घूम रहा था।

चश्मदीद बोले- 20 सेंकेंड में दिया घटना को अंजाम

पंचायत में मौजूद लोगों का कहना है कि पंचायत में बातें चल रही थी। जिस घर में पंचायत चल रही थी उसके मालिक राशिद खां ने बताया कि आरोपी ने बातों बातों में ही चाकू निकालकर पहले अपने साले आदिल पर हमला कर दिया, उसके बाद अपनी सास आसमा के पेट में चाकू मार दिया। ऐसे में वह लोग घबरा गए। भागते समय आरोपी ने अपनी पत्नी सायमा पर भी हमला कर दिया। चश्मदीद लोगों के मुताबिक 20 सेकेंड में आरोपी घटना को अंजाम देकर फरार हो गया। अधिक खून बहने की वजह से दोनों की मौत हो गई।

पंचायत में बीड़ी पी रहा था आरोपी, रोजे में थे मां-बेटे

पंचायत में मौजूद आरोपी अफसर बीड़ी पी रहा था। जिस पर पंचायत के लोगों ने कहा कि पत्नी के साथ ईद मनाने की बात कह रहा है, लेकिन रोजा नहीं रख रहा है। मगर मृतक मां बेटे से रोजे से बताए जा रहे है। वहीं, डबल मर्डर के बाद गांव में सनसनी फैल गई। बड़ी संख्या में लोग अस्पताल भी पहुंच गए।

बच्चे बोले-प्यार नहीं करते थे पापा

अफसर के बेटे फैज ने बताया- मेरे पापा मम्मी को रोज मारते थे। पापा ने मेरे मामू और नानी की चाकू मारकर हत्या कर दी है। मम्मी को भी चाकू मारे हैं। उनको अस्पताल ले जाया गया है। पापा हम लोगों से प्यार नहीं करते। वो बहुत गंदे हैं। आरोपी के दो छोटे बच्चे भी हैं। फैज 8 साल आयशा 5 साल की बच्ची है।

पुलिस ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की डीबीआर कब्जे में ली

सपा से पार्षद का चुनाव लड़ चुके ज्वैलर्स राशिन खान के घर पर अफसर और उसकी पत्नी के विवाद की पंचायत हो रही थी। फील्ड यूनिट और पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जिस घर में पंचायत हो रही थी, उसमें सीसीटीवी कैमरे भी लगे थे। जिसका डीबीआर पुलिस की टीम ने अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और वीडियो के आधार पर कार्रवाई करेगी।

हत्यारोपी की तलाश में पुलिस टीमों

रहपुरा चौधरी में पति-पत्नी के बीच चल रहा विवाद निपटाने को बुलाई गई पंचायत में काहसुनी के बाद चाकू से हमला किया गया। हमले में दो लोगो की मौत हो गई। आरोपी की पत्नी घायल है। पंचायत के समय आरोपी की ससुराल की तरफ से तीन लोग और आरोपी के अलावा मकान मालिक राशिद मौजूद थे। इससे पहले भी दो बार राशिद ने समझौता कराया था। आरोपी की तलाश में पुलिस टीमों को लगाया गया है।- अनुराग आर्य, एसएसपी बरेली

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.