जागरण टुडे, गुड्डू यादव, कासगंज।
सदर कोतवाली क्षेत्र के नगला भभूती गांव में शुक्रवार दोपहर आकाशीय बिजली गिरने से सात वर्षीय मासूम छात्रा की दर्दनाक मौत हो गई। अचानक हुई इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नगला भभूती निवासी मनोज कुमार की सात वर्षीय पुत्री काव्या दोपहर करीब 12:30 बजे खेत पर शौच के लिए गई थी। इसी दौरान मौसम अचानक बदला और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली की चपेट में आने से काव्या गंभीर रूप से झुलस गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। मासूम को जमीन पर अचेत अवस्था में पड़ा देख परिजनों में चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत गांव के प्रधान राकेश को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया।
सूचना मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बताया गया है कि मृतक छात्रा काव्या गांव के ही गोरहा प्राथमिक विद्यालय में कक्षा एक की छात्रा थी। वह पढ़ाई में काफी होनहार बताई जा रही थी। उसकी अचानक हुई मौत से स्कूल के शिक्षक और छात्र भी स्तब्ध हैं।
घटना के बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतका की मां सावित्री अपनी बेटी को याद कर बार-बार बेहोश हो रही हैं। गांव के लोग भी परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे हुए हैं। काव्या अपने माता-पिता की लाडली थी।
परिजनों ने बताया कि काव्या के भाई-बहनों में नंदनी (10 वर्ष), रितीश (3 वर्ष) और आरव (3 माह) हैं। सबसे छोटी उम्र में ही काव्या के चले जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और लोग पीड़ित परिवार को सांत्वना दे रहे हैं।