कुर्मी क्षत्रिय सभा ने आयोजित किया होली मिलन समारोह, फूलों से होली खेली, एक-दूसरे को गले मिलकर शुभकामनाएं
ब्रह्मपुरा स्थित सरदार पटेल स्मारक में रविवार को कुर्मी क्षत्रिय सभा की ओर से होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में परंपरा, संस्कृति और आपसी भाईचारे का अनूठा संगम देखने को मिला। समारोह की शुरुआत पारंपरिक चौपाइयों के गान से हुई, जिसके बाद समाज के लोगों ने फूलों से होली खेली और एक-दूसरे को गले मिलकर शुभकामनाएं दीं।
समारोह में मुख्य अतिथि सांसद छत्रपाल गंगवार ने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं है, बल्कि यह दिलों को जोड़ने वाला पर्व भी है। उन्होंने कहा कि जब समाज एकजुट होकर आगे बढ़ता है तो उसकी ताकत कई गुना बढ़ जाती है। ऐसे आयोजन लोगों को करीब लाने के साथ समाज को नई दिशा देने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि त्योहार हमें आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश देते हैं। समाज की मजबूती के लिए जरूरी है कि लोग एक-दूसरे के साथ मिलकर काम करें और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
वहीं, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से समाज के लोगों को एक-दूसरे से मिलने और संवाद करने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि होली जैसे त्योहारों के अवसर पर समाज के बड़े-बुजुर्गों और साथियों से शिष्टाचार भेंट भी हो जाती है, जिससे आपसी संबंध और मजबूत होते हैं।
कुर्मी क्षत्रिय सभा के जिलाध्यक्ष एडवोकेट केपी सिंह गंगवार ने कहा कि समाज की तरक्की आपसी सहयोग और मजबूत संगठन से ही संभव है। उन्होंने कहा कि होली मिलन जैसे कार्यक्रम समाज के लोगों को एक मंच पर लाने का काम करते हैं और समाज को नई पहचान दिलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में समाज के कई प्रमुख लोगों की उपस्थिति रही। इसमें अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड की अध्यक्ष श्रुति गंगवार, पूर्व विधायक छोटे लाल गंगवार, नगर पंचायत गुलड़िया के चेयरमैन के पति सुरेश चंद्र सिंह राठौर, प्रवेश राठौर और कर्नल पुरुषोत्तम सिंह भी शामिल रहे।
इसके अलावा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कुर्मी महासभा सीएल गंगवार, उपाध्यक्ष रघुवीर सिंह गंगवार, प्रेम शंकर गंगवार, छत्रपाल सिंह गंगवार, आरसी लाल, मूलचंद गंगवार, कोषाध्यक्ष आलोक गंगवार, ऑडीटर एडवोकेट मनोज बाबू गंगवार, मीडिया प्रभारी देश दीपक गंगवार, अरविंद पटेल, एडवोकेट मुनेन्द्र गंगवार, डॉ. उग्रसेन गंगवार, युधिष्ठर प्रसाद गंगवार, कृष्ण पाल सिंह, खेमेन्द्र पाल सिंह, वीरेश कुमार, तेजपाल गंगवार, प्रमोद कुमार सिंह और भद्र पाल गंगवार सहित समाज के बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।