जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
जनपद के नवागत पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह ने पुलिस कार्यालय का निरीक्षण कर विभिन्न शाखाओं की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली को बारीकी से देखा और संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने वाचक कार्यालय, आंकिक शाखा, आईजीआरएस शाखा, मॉनिटरिंग सेल तथा परीक्षा कंट्रोल रूम कक्ष सहित अन्य कार्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अभिलेखों के रख-रखाव, शिकायतों के निस्तारण और कार्यालयी कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
एसपी ओम प्रकाश सिंह ने निर्देश दिए कि जनता से प्राप्त होने वाली शिकायतों का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि कार्यालय में आने वाले फरियादियों के साथ संवेदनशीलता के साथ व्यवहार किया जाए तथा शासन की मंशा के अनुरूप कार्यों को प्राथमिकता दी जाए।
उल्लेखनीय है कि ओम प्रकाश सिंह ने शनिवार देर शाम कासगंज के पुलिस अधीक्षक के रूप में पदभार ग्रहण किया था। पदभार संभालने के बाद उन्होंने पुलिस व्यवस्था को बेहतर बनाने और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे।