Tuesday, March 31, 2026

Bareilly news : होली मिलन समारोह में सपा का शक्ति प्रदर्शन, स्थानीय कार्यकर्ता को बड़ी जिम्मेदारी देने के संकेत

लेखक: Omkar Gangwar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: March 14, 2026

Bareilly news : होली मिलन समारोह में सपा का शक्ति प्रदर्शन, स्थानीय कार्यकर्ता को बड़ी जिम्मेदारी देने के संकेत

ओमकार गंगवार,मीरगंज (बरेली)

बरेली जनपद के फतेहगंज पश्चिमी कस्बे के एक बैंकट हॉल में शनिवार को समाजवादी पार्टी (सपा) का होली मिलन समारोह पूर्व ब्लाक प्रमुख एवं कर्मठ नेता भद्रसेन गंगवार के सौजन्य से  आयोजित किया गया। कार्यक्रम में होली के उत्साह और रंगों के साथ राजनीतिक माहौल भी देखने को मिला। समारोह में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, पदाधिकारी, प्रधान और पूर्व प्रधान शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं को एकजुट रहने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए तैयार रहने का संदेश दिया।


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री भगवत शरण गंगवार ने उपस्थित लोगों को होली की शुभकामनाएं दीं। अपने संबोधन में उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता महंगाई, बेरोजगारी और कई अन्य समस्याओं से परेशान है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा आम जनता के मुद्दों को लेकर संघर्ष करती रही है और आगे भी करती रहेगी।

पूर्व मंत्री ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठन को मजबूत बनाने के लिए एकजुट होकर काम करें और क्षेत्र में पार्टी की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत होता है और इसी के बल पर बदलाव की लड़ाई लड़ी जा सकती है।

समारोह के दौरान मीरगंज विधानसभा क्षेत्र की राजनीति को लेकर भी चर्चाएं तेज रहीं। अपने संबोधन में भगवत शरण गंगवार ने संकेत दिए कि आने वाले समय में मीरगंज विधानसभा में किसी स्थानीय कार्यकर्ता को बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है। उनके इस बयान के बाद कार्यकर्ताओं के बीच उत्साह देखने को मिला और क्षेत्रीय राजनीति में नई चर्चाएं शुरू हो गईं।

इस मौके पर कार्यक्रम में मौजूद प्रधानों, पूर्व प्रधानों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने आयोजक भद्रसेन गंगवार को संगठन में बड़ी जिम्मेदारी देने की मांग भी उठाई। कार्यकर्ताओं का कहना था कि भद्रसेन गंगवार लंबे समय से क्षेत्र में सक्रिय रहकर पार्टी को मजबूत करने का काम कर रहे हैं, इसलिए उन्हें संगठन में अहम जिम्मेदारी मिलनी चाहिए।


कार्यक्रम में मौजूद विधानसभा अध्यक्ष सुरेश गंगवार ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी में मेहनती और जमीनी कार्यकर्ताओं को हमेशा प्राथमिकता दी जाती है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि संगठन में स्थानीय कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

होली मिलन समारोह के दौरान कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की बधाई दी और आपसी भाईचारे का संदेश दिया। पूरे कार्यक्रम में उत्साह और जोश का माहौल बना रहा।

कार्यक्रम में भावेश यादव, प्रवीण गंगवार, कुंवरसेन राजपूत, मयंक शुक्ला उर्फ मोंटी, आदेश यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। अंत में कार्यक्रम के आयोजक भद्रसेन गंगवार ने सभी अतिथियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया और कहा कि संगठन की मजबूती के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.