जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
जनपद में पुराने मीटरों की जगह लगाए गए स्मार्ट मीटर वाले बिजली उपभोक्ताओं के लिए शुक्रवार से बिजली व्यवस्था का नया दौर शुरू हो रहा है। अब बिजली भी मोबाइल की तरह रिचार्ज पर चलेगी। यानी जितना रिचार्ज, उतनी ही बिजली मिलेगी। खाते में बैलेंस खत्म होते ही बिना किसी नोटिस के बिजली आपूर्ति स्वतः बंद हो जाएगी और रिचार्ज कराते ही दोबारा चालू भी हो जाएगी।
बिजली विभाग ने पुराने मीटरों की जगह तेजी से स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाने का काम किया है। जनपद में कुल 1,88,011 उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट मीटर लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इसके सापेक्ष अब तक 1,37,306 उपभोक्ताओं के घरों में प्रीपेड स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं।
नई व्यवस्था लागू होते ही बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। विभागीय आकलन के अनुसार करीब 80 प्रतिशत उपभोक्ताओं के खातों में फिलहाल पर्याप्त बैलेंस नहीं है। ऐसे में यदि समय रहते रिचार्ज नहीं कराया गया तो उनकी बिजली आपूर्ति बाधित हो सकती है।
अधिशासी अभियंता राहुल वर्नवाल ने बताया कि जिले में लगाए गए प्रीपेड स्मार्ट मीटरों के तहत उपभोक्ताओं को मोबाइल की तरह बिजली का रिचार्ज कराना होगा। बैलेंस समाप्त होते ही बिजली स्वतः बंद हो जाएगी और रिचार्ज करते ही तुरंत आपूर्ति बहाल हो जाएगी। शुक्रवार से यह व्यवस्था पूरे जिले में लागू कर दी जाएगी।
इन माध्यमो से हो सकेगा भुगतान
उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए बिजली बिल का भुगतान डिजिटल माध्यम से भी किया जा सकेगा। इसके लिए यूपीपीसीएल की वेबसाइट, मोबाइल एप, भीम, फोनपे और गूगल पे सहित अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म का उपयोग किया जा सकता है। समय पर भुगतान करने वाले उपभोक्ताओं को छूट का लाभ भी दिया जाएगा।