Tuesday, March 31, 2026

Mathura News: श्री राधा रानी और श्रीकृष्ण को परिवार का सदस्य मानते हैं ब्रजवासी

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: February 24, 2026

Mathura News: श्री राधा रानी और श्रीकृष्ण को परिवार का सदस्य मानते हैं ब्रजवासी

जागरण टुडे, मथुरा

बरसाना स्थित श्री राधा बिहारी इंटर कॉलेज ग्राउंड में रंगोत्सव आरंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन गन्ना विकास एवं चीनी मिल मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर शैलजा कांत मिश्र, मंडलायुक्त नगेन्द्र प्रताप, डीआईजी शैलेश कुमार पाण्डेय, डीएम चंद्र प्रकाश सिंह, एसएसपी श्लोक कुमार, मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष लक्ष्मी एनजी और ब्रज तीर्थ विकास परिषद के मुख्य कार्यपालक अधिकारी सूरज पटेल सहित कई अतिथि उपस्थित रहे।


कार्यक्रम की शुरुआत श्रीराधा-कृष्ण स्वरूप में नृत्य प्रस्तुति से हुई। इस मौके पर गन्ना मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने सभी को रंगोत्सव की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ब्रजवासी श्री राधा रानी और श्रीकृष्ण को अपने परिवार का सदस्य मानते हैं। प्रेम, भक्ति और संतों के सम्मान की जो परंपरा ब्रज में है, वह अद्वितीय है।


उन्होंने कहा कि बरसाना की लट्ठमार होली पहले उत्तर भारत तक सीमित थी, लेकिन अब यह विश्व प्रसिद्ध हो चुकी है। देश-विदेश से श्रद्धालु यहां होली खेलने पहुंचते हैं। उन्होंनेयोगी आदित्यनाथ सरकार के प्रयासों को इसका श्रेय देते हुए कहा कि मथुरा, वृंदावन, गोवर्धन और बरसाना सहित पूरे प्रदेश में पर्यटन और धार्मिक स्थलों का अभूतपूर्व विकास हुआ है।


मंत्री ने प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से रंगोत्सव के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं के प्रति विनम्र व्यवहार बनाए रखने और उनकी सुरक्षा व सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने का आग्रह किया। कार्यक्रम में बृज संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। लट्ठमार होली पर आधारित नृत्य और फूलों की वर्षा ने पूरे वातावरण को ब्रज की होली के रंग में रंग दिया।

अंत में डीएम चंद्र प्रकाश सिंह ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए सफल आयोजन के लिए आयोजकों और कलाकारों का आभार व्यक्त किया।


No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.