राजेंद्र प्रसाद डिग्री कॉलेज मीरगंज, बरेली में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के दूसरे दिन पर्यावरण संतुलन को ध्यान में रखते हुए सफाई और वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। इस दौरान स्वयंसेवकों ने गृह से महाविद्यालय तक के मार्ग पर स्वच्छता अभियान चलाते हुए पौधरोपण किया और लोगों को स्वच्छ पर्यावरण का संदेश दिया।
कार्यक्रम अधिकारी डॉ. बी के प्रधान के नेतृत्व में एनएसएस स्वयंसेवकों ने सड़क किनारे फैले कूड़े को हटाया, आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई की और कई स्थानों पर पौधे लगाए। स्वयंसेवकों ने लोगों से अपील की कि वे अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने के साथ-साथ अधिक से अधिक पेड़ लगाकर पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करें।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. एस के सिंह ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संतुलन बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। बढ़ते प्रदूषण और घटती हरियाली के कारण पर्यावरण पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। ऐसे में सफाई और वृक्षारोपण जैसे अभियान समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं। उन्होंने स्वयंसेवकों को आगे भी इस तरह के जनजागरूकता कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
डॉ. बी के प्रधान ने कहा कि स्वच्छता और वृक्षारोपण केवल एक दिन का अभियान नहीं बल्कि यह एक निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने स्तर पर सफाई और पौधरोपण को अपनाए, तो पर्यावरण को सुरक्षित और संतुलित बनाया जा सकता है। उन्होंने स्वयंसेवकों को नियमित रूप से ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने और समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
अभियान के दौरान स्वयंसेवकों में उत्साह देखने को मिला। उन्होंने न केवल सफाई की बल्कि लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक भी किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के कई शिक्षक और कर्मचारी भी मौजूद रहे और कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग किया।