68 हजार रुपये लूट ले गए बदमाश, सुभाषनगर थाना क्षेत्र के प्रगति नगर में वारदात
जनपद बरेली के सुभाषनगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात लूट के इरादे से एक घर में घुसे बदमाशों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने सिपाही के बहनोई की गोली मारकर हत्या कर दी। बदमाश 68 हजार रुपये समेत बैग लूट ले गए। एसपी सिटी समेत अन्य पुलिस अफसरों ने घटनास्थल पर पहुंच कर छानबीन की। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। शनिवार सुबह पुलिस ने दो बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी।
सुभाषनगर थाना क्षेत्र के प्रगति नगर निवासी जोगेंद्र लोधी मूल रूप से ग्राम तिगरा खानपुर थाना आंवला के रहने वाले थे। वह शुक्रवार रात घर के बरामदे में सो रहे थे। पत्नी अनीता पास में सो रही थीं। अनीता ने बताया कि रात करीब 1 बजे अचानक मकान की छत पर कुछ आहट सुनाई दी। इससे वे दोनों जाग गए। जोगिंदर व उनकी पत्नी अनीता जीने से छत पर जाने लगे। उन्होंने डंडे से बदमाशों को ललकारा, लेकिन बदमाशों ने तमंचे से जोगेंद्र को गोली मार दी। गोली उनके सीने में लगी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जिस बैग में 68 हजार रुपये रखे थे, बदमाश उसे लेकर भाग गए।
सूचना पर पहुंचे पुलिस अफसरों ने मृतक के परिजनों से घटना के बारे में जानकारी जुटाई। सुभाषनगर इंस्पेक्टर जितेंद्र सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की तलाश में कई टीमों को लगाया गया है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।
लूट के इरादे से आए थे बदमाश, बैग लेकर हुए फरार
जोगेंद्र ने करगैना की प्रगति नगर कॉलोनी में अपना मकान बनवाया था। सावन माह से यहां रह रहे थे। वह सब्जी बेचते थे। अनीता के भाई धर्मेंद्र का मकान पास में बन रहा है। धर्मेंद्र पीलीभीत कोतवाली में यूपी 112 के हेड कांस्टेबल हैं। धर्मेंद्र ने बताया कि मजदूरों का हिसाब करने के लिए उन्होंने बहन को 68 हजार रुपये दिए थे। अनीता के मुताबिक यही रुपये जिस थैले में रखे थे, उसको गोली मारने के बाद बदमाश अपने साथ ले गए। अनीता ने बताया कि ठेकेदार और उसके कर्मचारियों को जानकारी थी उनके पास भाई के पैसे रखे हैं। उन्होंने ठेकेदार या उसके द्वारा भेजे गए बदमाशों पर हत्या करने का शक जताया है।
डंडे से किया बचाव तो बदमाशों ने मार दी गोली
40 वर्षीय जोगेंद्र पत्नी अनीता और चार बच्चों के साथ मकान में रहते थे। अनीता ने बताया कि रात में आहट पाकर वे दोनों छत पर गए। जोगेंद्र ने जैसे ही बदमाश पर डंडे से प्रहार किया, बदमाश ने सीधे उनके सीने में गोली उतार दी। गोली लगते ही जोगेंद्र लहूलुहान होकर सीढ़ियों से नीचे जा गिरे। उनके पीछे आ रही पत्नी भी हड़बड़ाहट में सीढ़ियों से लुढ़क गईं। अनीता की चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी और उसके बच्चे भी जाग गए। लेकिन तब तक बदमाश फरार हो गए।
मजदूर और ठेकेदार गहराया शक
अनीता ने बताया कि शुक्रवार को ही निर्माण के लिए उन्होंने ठेकेदार और मजदूरों के सामने रुपये दिये थे। परिवार को आशंका है कि रुपयों की जानकारी के आधार पर वारदात को अंजाम दिया गया है। घटना के बाद से संबंधित मजदूर और ठेकेदार काम पर नहीं पहुंचे। जिससे शक और गहरा गया। पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। संदिग्धों से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्य जुटाने के लिए कई टीमें लगाई गई हैं।
शुक्रवार की रात सुभाषनगर क्षेत्र के प्रगतिनगर में जोगेन्द्र की गोली मारकर हत्या करने की सूचना मिली। उसके बाद सीओ, थाना पुलिस और फील्ड यूनिट के साथ मौके पर मैने भी जाकर निरीक्षण किया। पत्नी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज करके बदमाशों की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद खुलासा किया जाएगा।- मानुष पारिक, पुलिस अधीक्षक नगर