राजनीतिक माहौल उस समय गरमा गया जब Bharatiya Janata Party युवा मोर्चा ने इंद्रा चौक चौराहे पर जोरदार प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस नेता Rahul Gandhi का पुतला फूंक दिया। जिला महामंत्री युवा मोर्चा सहदेव सागर के नेतृत्व में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने तीखी नारेबाजी करते हुए कांग्रेस यूथ के कथित “एआई सबमिट कार्यक्रम” के दौरान हुए आपत्तिजनक कृत्य को देश की प्रतिष्ठा पर सीधा हमला बताया।
युवा मोर्चा पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि कांग्रेस से जुड़े युवाओं द्वारा किया गया यह अमर्यादित व्यवहार न केवल राजनीतिक मर्यादाओं का उल्लंघन है, बल्कि देश की छवि को भी धूमिल करने वाला है। वक्ताओं ने कहा कि यह कोई पहली घटना नहीं है, जब कांग्रेस के मंच से विवादित और गैर-जिम्मेदाराना गतिविधियाँ सामने आई हों। उनका कहना था कि ऐसे कृत्य युवाओं को गलत दिशा में ले जाने वाले हैं और सामाजिक मूल्यों के विरुद्ध हैं।
प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि राष्ट्रहित, भारतीय संस्कृति और लोकतांत्रिक गरिमा के साथ खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। युवा मोर्चा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में इस प्रकार की घटनाएँ दोहराई गईं तो विरोध और तेज किया जाएगा।
इंद्रा चौक पर हुए इस प्रदर्शन के दौरान माहौल पूरी तरह राजनीतिक नारों से गूंजता रहा। कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेतृत्व से सार्वजनिक माफी की मांग करते हुए कहा कि देश की जनता अब “दोहरे चरित्र” की राजनीति को समझ चुकी है।
कार्यक्रम में गोपाल शर्मा, अजय मथुरिया, योगेश शर्मा, अनादि प्रकाश, राजीव वर्मा, प्रमोद सिंह, हरेंद्र कुमार, लालू कौशल, सनी चौहान, विवेक साहू सहित बड़ी संख्या में युवा मोर्चा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इस पूरे घटनाक्रम ने बदायूँ की सियासत को एक बार फिर गर्मा दिया है। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाजी और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।