जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
आगामी होली पर्व को देखते हुए आम जनमानस को सुरक्षित खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने जनपद में सघन छापामार अभियान चलाया। यह कार्रवाई आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के आदेश तथा जिलाधिकारी कासगंज प्रणय सिंह के निर्देश पर की गई।
सहायक आयुक्त (खाद्य) आनन्द कुमार देव के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रतिमा त्रिपाठी ने टीम के साथ विभिन्न स्थानों पर औचक निरीक्षण किया। अभियान के दौरान विशेष रूप से खोया, खाद्य तेल, घी, वनस्पति, कचरी, पापड़, चिप्स, नमकीन, बेसन, मैदा आदि में मिलावट की रोकथाम पर ध्यान केंद्रित किया गया।
टीम ने अमांपुर स्थित पुष्पेन्द्र के मिठाई निर्माण स्थल से कलाकन्द का नमूना संग्रहित किया। निरीक्षण के दौरान मौके पर रखी 152 किलोग्राम दूषित मिठाई, जिसकी अनुमानित कीमत 33,440 रुपये बताई गई, को नष्ट कराया गया।
इसके अतिरिक्त नगला बेरिया, अहरौली (कासगंज) स्थित राजकुमार के बूंदी निर्माण केंद्र से रिफाइंड सोयाबीन तेल एवं बूंदी का नमूना लिया गया। यहां पाई गई 160 किलोग्राम बूंदी, जिसकी अनुमानित कीमत 11,200 रुपये है, को सीज कर खाद्य कारोबारकर्ता की अभिरक्षा में सुपुर्द किया गया।
अभियान के दौरान कुल तीन खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने जनपद के सभी खाद्य कारोबारकर्ताओं को निर्देशित किया है कि केवल निर्धारित मात्रा में खाद्य रंग का प्रयोग करें तथा किसी भी परिस्थिति में अखाद्य रंग या वर्क का उपयोग न करें। साथ ही पुराने मावा या मिठाई का पुनः उपयोग न करने की सख्त हिदायत दी गई है।
आम जनता से अपील की गई है कि वे पंजीकृत खाद्य कारोबारियों से ही खाद्य सामग्री खरीदें और किसी भी वस्तु को खरीदने से पहले उसकी एक्सपायरी तिथि अवश्य जांच लें।