Tuesday, March 31, 2026

Bareilly News: नौकरी की तलाश में निकली थी मीना, कैंटर ने जान ले ली

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: February 19, 2026

Bareilly News:  नौकरी की तलाश में निकली थी मीना,  कैंटर ने जान ले ली

बारादरी इलाके में ईसाइयों की पुलिया के पास हुआ हादसा

जागरण टुडे, बरेली

शहर के बारादरी थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक सड़क हादसे में 30 वर्षीय महिला मीना कुमारी की मौत हो गई। यह हादसा सुबह करीब 10:30 बजे ईसाइयों की पुलिया के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार कैंटर ने महिला की स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज लगी कि मीना कुमारी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।


सूचना मिलते ही बारादरी पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी वाहन की तलाश शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

मीना कुमारी पत्नी चंद्रपाल मूल रूप से आंवला थाना क्षेत्र के गांव कंदरपुर की निवासी थी। उनकी ससुराल अलीगंज थाना क्षेत्र के गांव महोबा में है। बताया जा रहा है कि विवाद के चलते वह पिछले करीब 12 वर्षों से पति से अलग रह रही थीं। वर्तमान में वह कैंट क्षेत्र के नकटिया पावर हाउस के पास किराये के मकान में रह रही थीं।

परिजनों के अनुसार पति से अलगाव के बाद उन्हें किसी प्रकार का आर्थिक सहयोग नहीं मिल रहा था। उन्होंने नर्सिंग का कोर्स किया था और अस्पताल में नौकरी की तलाश कर रही थीं। गुरुवार सुबह वह इसी सिलसिले में स्कूटी से निकली थीं, तभी यह हादसा हो गया। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.