भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय पर ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026’ के अंतर्गत आयोजित जिला कार्यशाला में संगठन की मजबूती और कार्यकर्ता निर्माण पर विशेष जोर दिया गया। कार्यशाला को ब्रज क्षेत्र के क्षेत्रीय महामंत्री राकेश मिश्र अनावा और जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने विभिन्न सत्रों के माध्यम से संबोधित किया।
इसे भी पढ़ें - उप्र दिवस पर 213 गरीब कन्याओं का हुआ विवाह
राकेश मिश्र अनावा ने कहा कि भाजपा केवल चुनावी राजनीति का मंच नहीं, बल्कि राष्ट्र पुनर्निर्माण का एक व्यापक वैचारिक आंदोलन है। उन्होंने कहा कि संगठन की असली ताकत उसके सिद्धांत, अनुशासन और समर्पित कार्यकर्ता हैं। पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों से प्रेरित यह प्रशिक्षण महाअभियान कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से परिपक्व, संगठनात्मक रूप से सक्षम और सामाजिक रूप से सक्रिय बनाने की दीर्घकालिक रणनीति का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन का दूत है, जो आत्मबल और स्पष्ट दृष्टि के साथ समाज में जाकर राष्ट्रहित की सोच को जन-जन तक पहुंचाता है।
इसे भी पढ़ें - किसान-श्रमिक सशक्त होंगे तो देश आगे बढ़ेगा : शाक्य
उन्होंने मंडल और बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने, सेवा कार्यों में भागीदारी सुनिश्चित करने तथा समाज के सभी वर्गों तक संगठन की पहुंच मजबूत करने का आह्वान किया। उनका कहना था कि कार्यकर्ताओं का मनोबल जितना ऊंचा होगा, संगठन उतना ही सशक्त बनेगा। भाजपा में कार्यकर्ता सर्वोपरि है और संगठन उनके सम्मान, सुरक्षा व विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि भाजपा राष्ट्रवाद की विचारधारा पर आधारित एक सशक्त संगठन है, जिसकी स्थायी सफलता प्रशिक्षित और अनुशासित कार्यकर्ताओं पर निर्भर करती है। उन्होंने जानकारी दी कि मंडल स्तर के प्रशिक्षण कार्यक्रम 7 मार्च से 14 अप्रैल तक आयोजित किए जाएंगे और प्रत्येक प्रशिक्षण वर्ग 24 घंटे का होगा। जिले में कुल 30 प्रशिक्षण शिविर लगाए जाएंगे।
इसे भी पढ़ें - भाजपा कार्यालय में हर्षोल्लास के साथ मना 77वां गणतंत्र दिवस
इन शिविरों में पार्टी की विचारधारा, एकात्म मानववाद, अंत्योदय, संगठनात्मक संरचना, बूथ सशक्तिकरण और जनसेवा के विभिन्न आयामों पर गहन प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान को व्यवहार में उतारते हुए बूथ स्तर तक संगठन को सुदृढ़ बनाएं।
कार्यशाला में पूर्व विधायक कुशाग्र सागर, राष्ट्रीय अल्पसंख्यक मोर्चा कार्यसमिति सदस्य मनोज मसीह, पूर्व चेयरमैन दीपमाला गोयल, जिला महामंत्री एमपी सिंह राजपूत, जिला प्रवक्ता शैलेन्द्र मोहन शर्मा, पूर्व क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल, जिला मीडिया प्रभारी आशीष शाक्य, जिला आईटी संयोजक संदीप चौहान, रचना शंखधार सहित अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।