जागरण टुडे, पटियाली (कासगंज)।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की नगर इकाई पटियाली द्वारा उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की परीक्षाओं के प्रथम दिन छात्र-छात्राओं का रोली-तिलक लगाकर उत्साहवर्धन किया गया। नगर के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र के बाहर परिषद के कार्यकर्ताओं ने परीक्षार्थियों का स्वागत कर उन्हें सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का नेतृत्व नगर इकाई की कार्यकर्ता रति मिश्रा ने किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने परीक्षा केंद्र के बाहर पहुंचकर छात्र-छात्राओं के माथे पर तिलक लगाया और सकारात्मक संदेश देते हुए उनका मनोबल बढ़ाया। परिषद पदाधिकारियों का कहना था कि परीक्षा के पहले दिन कई छात्र तनाव में रहते हैं, ऐसे में उन्हें आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा देना आवश्यक है।
तहसील संयोजक अम्बुज द्विवेदी ने छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए कहा, “बोर्ड परीक्षा केवल आपके ज्ञान का परीक्षण है, आपके व्यक्तित्व का नहीं। खुद पर भरोसा रखें, मेहनत कभी व्यर्थ नहीं जाती।” उन्होंने कहा कि विद्यार्थी परिषद का उद्देश्य छात्रों का आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें सकारात्मक सोच के साथ परीक्षा कक्ष तक पहुंचाना है, ताकि वे बिना किसी दबाव के अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकें।
नगर अध्यक्ष चंद्र देव दीक्षित ने कहा कि विद्यार्थी परिषद हमेशा छात्र हितों के लिए कार्य करती रही है और भविष्य में भी विद्यार्थियों के साथ खड़ी रहेगी। कार्यक्रम के दौरान परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों ने भी इस पहल की सराहना की।
इस अवसर पर तहसील संयोजक अम्बुज द्विवेदी, नगर अध्यक्ष चंद्र देव दीक्षित, पारुल मिश्रा, मेघा राठौर, स्नेहा गोस्वामी, रति मिश्रा सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।