थाना क्षेत्र मूसाझाग के गांव तिगुलापुर में सोमवार दोपहर एक किसान के घर दिनदहाड़े ताला तोड़कर करीब पांच लाख रुपये की नकदी चोरी कर ली गई। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
इसे भी पढ़ें - मूसाझाग में आढ़त से 40 कट्टे धान चोरी, CCTV में कैद हुए चोर
प्राप्त जानकारी के अनुसार किसान राजवीर सोमवार दोपहर लगभग 2:30 बजे गांव के बाहर स्थित अपने प्लॉट पर चल रहे निर्माण कार्य में व्यस्त थे। इसी दौरान घर की महिलाएं खेत पर उपले थोपने गई हुई थीं। घर खाली मिलने पर चोरों ने मुख्य दरवाजे की किवाड़ तोड़ दी और अंदर रखी करीब पांच लाख रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए।
इसे भी पढ़ें - तिगुलापुर में दिनदहाड़े 5 लाख की चोरी, किसान का घर टूटा
जब राजवीर काम से लौटे तो दरवाजे की टूटी किवाड़ देखकर सन्न रह गए। अंदर का सामान बिखरा पड़ा था और नकदी गायब थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहां से आरी का ब्लेड और हसिया बरामद हुआ, जिससे अंदेशा है कि चोर औजार साथ लेकर आए थे।
थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम जांच में जुटी है और जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।