Tuesday, March 31, 2026

Badaun News :तिगुलापुर में दिनदहाड़े 5 लाख की चोरी, किसान का घर टूटा

लेखक: Vikas Srivastav | Category: उत्तर प्रदेश | Published: February 16, 2026

Badaun News :तिगुलापुर में दिनदहाड़े 5 लाख की चोरी, किसान का घर टूटा

जागरण टुडे, बदायूं

मूसाझाग क्षेत्र के तिगुलापुर गांव में सोमवार दोपहर 2:30 बजे बेखौफ चोरों ने दिनदहाड़े एक किसान के घर धावा बोलकर करीब 5 लाख रुपये की नकदी उड़ा ली। वारदात उस वक्त हुई जब घर की महिलाएं खेत पर उपले थोपने गई थीं और घर सूना पड़ा था। अपराधियों ने मौके का फायदा उठाते हुए मुख्य दरवाजे की किवार तोड़ डाली और भीतर घुसकर अलमारी खंगाल डाली।

इसे भी पढ़ें - मूसाझाग में आढ़त से 40 कट्टे धान चोरी, CCTV में कैद हुए चोर

पीड़ित किसान राजवीर पुत्र चंद्रपाल गांव के बाहर अपने प्लॉट पर चल रहे निर्माण कार्य में व्यस्त थे। काम से लौटने पर उन्होंने देखा कि दरवाजे की किवार टूटी पड़ी है और घर का सामान बिखरा हुआ है। अंदर जाकर जांच की तो नकदी से भरा बैग गायब मिला। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

प्राथमिक पड़ताल में सामने आया कि चोर घर के पश्चिमी हिस्से से, तालाब की ओर वाली दीवार फांदकर अंदर घुसे थे। घटनास्थल पर एक आरी का ब्लेड और हसिया पड़ा मिला है, जिससे अंदेशा है कि बदमाश तैयारी के साथ आए थे। वारदात के बाद जीतराम के प्लॉट के पास रुपयों का खाली बैग भी बरामद हुआ, जिससे साफ है कि नकदी निकालकर बैग फेंक दिया गया।

इसे भी पढ़ें  - मूसाझाग में मिशन शक्ति तार-तार

गांव में इस दुस्साहसिक चोरी से दहशत और आक्रोश है। दिनदहाड़े हुई इस घटना ने पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने जल्द खुलासे और सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि आसपास के संदिग्धों से पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.