जनपद बरेली के मीरगंज थाना पुलिस ने मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने 502 ग्राम स्मैक के साथ एक शातिर हिस्ट्रीशीटर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक कीपैड मोबाइल फोन और तस्करी में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की हीरो स्प्लेंडर प्लस बाइक भी बरामद की है।
वाहन चेकिंग के दौरान दबोचा गया आरोपी
जानकारी के अनुसार, मीरगंज कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक संजय तोमर के नेतृत्व में उप निरीक्षक/कस्बा इंचार्ज पंकज कुमार, एसआई सूरज पाल, हेड कांस्टेबल अनुज कुमार तथा कांस्टेबल अभिषेक सोम और विवेक शर्मा की टीम क्षेत्र में शांति व्यवस्था एवं वाहन चेकिंग के लिए गश्त पर थी।
इसी दौरान गांव गुगई तिराहा की ओर से बिना नंबर प्लेट की बाइक पर आ रहे एक संदिग्ध व्यक्ति को पुलिस ने घेराबंदी कर हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 502 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
पूछताछ में किया जुर्म कबूल
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम पंकज उपाध्याय उर्फ पंकज शर्मा पुत्र रमेशचंद्र, निवासी ग्राम गुलड़िया, कोतवाली मीरगंज, जिला बरेली बताया। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर लंबे समय से स्मैक तैयार कर तस्करी कर रहा था और बिक्री के लिए ही जा रहा था।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत कई बार जेल जा चुका है।
कई राज्यों में दर्ज हैं मुकदमे
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ उत्तर प्रदेश के रामपुर, बरेली और मुरादाबाद जनपदों के अलावा दिल्ली की नारकोटिक्स सेल एवं स्पेशल सेल में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं। इसके अतिरिक्त मध्य प्रदेश के गुना जनपद के माधौगढ़ थाना क्षेत्र में भी उसके खिलाफ मामला दर्ज है। आरोपी एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी है।
पुलिस का बयान
मीरगंज कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक संजय तोमर ने बताया कि 502 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया गया आरोपी एक शातिर तस्कर है, जिसके खिलाफ विभिन्न राज्यों में एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं। उसके विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया है।