प्रगति में कमी पाए जाने पर तीन लेखपाल—सुधा शर्मा, पुरुषोत्तम और गौरव सिंह तथा विकासखंड शेरगढ़ के कृषि विभाग के टीएसी धर्मेंद्र को कारण बताओ नोटिस जारी
जनपद बरेली के मीरगंज तहसील सभागार में फार्मर रजिस्ट्री अभियान को गति देने के उद्देश्य से उप जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में राजस्व, कृषि, पंचायत और विकास विभाग के कर्मचारियों की एक अति आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्रामवार समीक्षा करते हुए सभी लेखपालों और कृषि विभाग के कार्मिकों को अपेक्षित प्रगति लाने के सख्त निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी बरेली के निर्देश के क्रम में आयोजित इस बैठक में स्पष्ट किया गया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के प्रत्येक लाभार्थी के लिए फार्मर रजिस्ट्री कराना अनिवार्य है। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि जो किसान फार्मर रजिस्ट्री नहीं कराएंगे, उनकी पीएम किसान की आगामी किस्तें रोकी जा सकती हैं।
समीक्षा के दौरान प्रगति में कमी पाए जाने पर तीन लेखपाल—सुधा शर्मा, पुरुषोत्तम और गौरव सिंह—तथा विकासखंड शेरगढ़ के कृषि विभाग के टीएसी धर्मेंद्र को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि लक्ष्य के प्रति लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
तहसील मीरगंज में कुल 69,373 प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के लाभार्थी पंजीकृत हैं। इनमें से अब तक 56,355 किसानों ने अपनी फार्मर रजिस्ट्री पूर्ण कर ली है, जबकि लगभग 6,500 किसानों का पंजीकरण शेष है। अवशेष लक्ष्य को शीघ्र पूर्ण करने के लिए संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह का समय दिया गया है।
खंड विकास अधिकारियों और सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) को निर्देशित किया गया है कि पंचायत सहायकों और रोजगार सेवकों को अभियान में सक्रिय रूप से लगाया जाए। साथ ही जन सेवा केंद्र प्रभारियों का भी सहयोग लेकर अधिक से अधिक किसानों का पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में तहसीलदार आशीष कुमार , नायब तहसीलदार अरविंद कुमार , विषय वस्तु विशेषज्ञ राजेश तथा सहायक विकास अधिकारी कृषि सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे समय रहते अपनी फार्मर रजिस्ट्री पूर्ण कराकर प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ निरंतर प्राप्त करते रहें।