जागरण टुडे, सोरों/कासगंज।
महाशिवरात्रि पर्व एवं कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत सोरों नगर पालिका परिषद की अधिशासी अधिकारी एवं उप जिला अधिकारी (एसडीएम) हर्षिता देवड़ा ने लहरा गंगा जी घाट स्थित मेला कैंप और चिकित्सा कैंप का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उनके साथ नगर पालिका के बड़े बाबू पंकज भार्गव भी मौजूद रहे।
एसडीएम ने मेला परिसर में साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, अस्थायी शौचालयों और श्रद्धालुओं के लिए की गई अन्य सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने चिकित्सा कैंप में तैनात स्वास्थ्य कर्मियों से उपलब्ध दवाइयों, प्राथमिक उपचार सामग्री और आपातकालीन व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान हर्षिता देवड़ा ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी कांवड़ यात्री को मानवीय अथवा चिकित्सीय सुविधा में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एसडीएम ने बताया कि कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने में पुलिस प्रशासन का भरपूर सहयोग मिल रहा है। घाट क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं, जिससे श्रद्धालु निर्भय होकर गंगा स्नान और जल भर सकें।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि भीड़ को नियंत्रित रखने, मार्ग व्यवस्था सुचारू बनाए रखने और आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी टीमें सतर्क रहें। साथ ही, मेला क्षेत्र में निरंतर निगरानी बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।
प्रशासन की सक्रियता से कांवड़ यात्रियों में संतोष दिखाई दिया। श्रद्धालुओं ने व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए प्रशासन के प्रयासों को सकारात्मक बताया।
महाशिवरात्रि के अवसर पर लहरा गंगा जी घाट पर प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। ऐसे में प्रशासन द्वारा की जा रही व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा से मेले के सफल और सुरक्षित आयोजन की उम्मीद जताई जा रही है।