जिले के स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए बड़ी राहत की खबर है। राजकीय मेडिकल कॉलेज बदायूं में वायरल हेपेटाइटिस बी एवं सी उपचार केंद्र का विधिवत शुभारंभ कर दिया गया। अब जिले और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को जांच, निःशुल्क उपचार, विशेषज्ञ परामर्श और नियमित फॉलोअप की समग्र सुविधा एक ही स्थान पर उपलब्ध होगी।
कार्यक्रम का शुभारंभ गायत्री परिवार के संजीव कुमार शर्मा द्वारा वेदमंत्रोच्चारण के साथ मां सरस्वती के पूजन से हुआ। प्राचार्य प्रो. अरुण कुमार मुख्य यजमान के रूप में उपस्थित रहे। पूजन उपरांत फीता काटकर केंद्र का उद्घाटन किया गया।
प्राचार्य प्रो. अरुण कुमार ने कहा कि वायरल हेपेटाइटिस बी और सी एक गंभीर जनस्वास्थ्य समस्या है, जो समय पर पहचान और उपचार न मिलने पर जानलेवा साबित हो सकती है। इस केंद्र की स्थापना का उद्देश्य रोग की शीघ्र पहचान, प्रभावी उपचार और जागरूकता के माध्यम से संक्रमण की रोकथाम सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि यह पहल संस्थान की समाज के प्रति प्रतिबद्धता और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के संकल्प का प्रमाण है।
उन्होंने मेडिसिन विभाग, संकाय सदस्यों, चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और प्रशासनिक टीम के सामूहिक प्रयासों की सराहना की। नोडल अधिकारी डॉ. नितेश पति तिवारी के कुशल समन्वय, समर्पण और अथक प्रयासों से इस केंद्र की स्थापना संभव हो सकी।
यह केंद्र न केवल मरीजों को समयबद्ध उपचार देगा, बल्कि संक्रमण की रोकथाम के लिए जागरूकता अभियान भी चलाएगा। स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में यह कदम जिले के लिए मील का पत्थर साबित हो सकता है।