जनपद बरेली के स्वामी दयानंद सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, परौरा मीरगंज बरेली में महर्षि स्वामी दयानंद सरस्वती की जयंती बड़े ही धूमधाम एवं श्रद्धा के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज के प्रधानाचार्य आदेश पाल गंगवार के द्वारा महर्षि दयानंद सरस्वती के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।
इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने रंगोली, चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताओं सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वामी दयानंद सरस्वती के जीवन, विचारों एवं आदर्शों से परिचित कराना तथा उनके बताए मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि स्वामी दयानंद सरस्वती एक महान समाज सुधारक एवं आर्य समाज के संस्थापक थे। उन्होंने वेदों के प्रचार-प्रसार के साथ समाज में फैली कुरीतियों, अंधविश्वास और जातिवाद के विरुद्ध जन-जागरण किया। उनका प्रसिद्ध नारा “वेदों की ओर लौटो” आज भी समाज को सही दिशा दिखाने वाला है।
डॉ. सत्यवीर गंगवार ने कहा कि स्वामी दयानंद सरस्वती की शिक्षाएं आज के युग में भी उतनी ही प्रासंगिक हैं और हमें उनके आदर्शों को अपनाकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाना चाहिए।
विद्यालय के निदेशक पंकज गंगवार ने कहा कि ऋषि दयानंद सरस्वती जैसे महापुरुष का जीवन आदर्श है, जिनके समान जीवन जीने के लिए लोगों को करोड़ों जन्म लेने पड़ेंगे।
संरक्षक डॉ. वीरेंद्र प्रताप गंगवार ने कहा कि स्वामी दयानंद सरस्वती एक ऐसा महान प्रवाह थे, जिनसे संपूर्ण समाज आंदोलित हुआ और उनके नाम से संस्था का होना क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।
कार्यक्रम में राजेश गंगवार, देवेश कुमार, अनुज कुमार, प्रेम प्रकाश, यशपाल, तोताराम, सुरेंद्र कुमार, योगेंद्र कुमार, नरोत्तम, उमाशंकर, संजीव कुमार, लाखन राम, रेवतीनंदन, लक्ष्मण स्वरूप, रवि, सुभाष, नंदकिशोर, जसवंत सिंह, सूरज पाल, सुनीता गंगवार, रूपल पाठक, नीरज, नीलम, अंजू, कमल किशोर सहित समस्त अध्यापकगण उपस्थित रहे।