Tuesday, March 31, 2026

KASGANJ NEWS:गंजडुंडवारा में त्योहारों से पूर्व पीस कमेटी बैठक मे प्रशासन का सख्त संदेश,महाशिवरात्रि का लेकर 14-15 फरवरी को मीट दुकानें बंद रहेगी,14 को चलेगा वृहद अतिक्रमण हटाओ अभियान -नियम तोड़े तो सीधे कार्रवाई

लेखक: udit kumar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: February 12, 2026

KASGANJ NEWS:गंजडुंडवारा में त्योहारों से पूर्व पीस कमेटी बैठक मे प्रशासन का सख्त संदेश,महाशिवरात्रि का लेकर 14-15 फरवरी को मीट दुकानें बंद रहेगी,14 को चलेगा वृहद अतिक्रमण हटाओ अभियान -नियम तोड़े तो सीधे कार्रवाई

जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)। महाशिवरात्रि, होली और रमजान जैसे संवेदनशील पर्वों से पहले गंजडुंडवारा प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। इसी को लेकर गुरुवार कोतवाली परिसर में आयोजित शांति समिति की बैठक में भी प्रशासन ने साफ संदेश दे दिया कि शांति भंग करने वालों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम प्रदीप कुमार विमल और सीओ पटियाली संदीप वर्मा ने की, जिसमें जनप्रतिनिधियों,धर्मगुरुओं, समाजसेवियों और गणमान्य नागरिकों की भारी मौजूदगी रही।

बैठक में होली जुलूस मार्ग, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम, बिजली-पानी, सफाई और धार्मिक स्थलों की व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। एसडीएम प्रदीप कुमार विमल ने महाशिवरात्रि को लेकर मंदिरों में विशेष साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश अधिशासी अधिकारी सुनील कुमार को दिए। भीड़ नियंत्रण, पार्किंग और इमरजेंसी सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को भी कहा गया।


उन्होंने बताया कि पर्व को लेकर भारी वाहनों के लिए रूट डायवर्जन लागू रहेगा, ताकि शहर के भीतर जाम की स्थिति न बने। उन्होने दो टूक शब्दों में कहा कि प्रशासन की पहली प्राथमिकता शांति, सुरक्षा और सौहार्द है, अतः त्योहारों की आड़ में माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।


सीओ संदीप वर्मा ने सोशल मीडिया को लेकर विशेष चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि कोई भी भ्रामक पोस्ट, अफवाह या भड़काऊ संदेश फॉरवर्ड न करें, तुरंत पुलिस को सूचना दें। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा और लगातार गश्त की जाएगी।

बैठक में होलिका दहन केवल निर्धारित स्थानों पर ही करने की अपील की गई। साथ ही मस्जिदों, मंदिरों और सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई, रमजान के दौरान जलापूर्ति, बिजली और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी दिशा-निर्देश जारी किए गए।

मीट दुकानों पर प्रशासन का कड़ा शिकंजा

त्योहारों को देखते हुए मीट की दुकानों पर भी प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया। एसडीएम प्रदीप विमल ने स्पष्ट निर्देश दिए कि 14 और 15 तारीख को नगर क्षेत्र की सभी मीट दुकानें पूर्णतः बंद रहेंगी।

सामान्य दिनों में भी दुकानों का संचालन नियमों के तहत ही होगा। खुले में मीट बिक्री पर पूरी तरह रोक रहेगी—पर्दे की व्यवस्था के भीतर ही बिक्री करनी होगी। स्वच्छता, लाइसेंस और नगर पालिका नियमों का पालन अनिवार्य किया गया है।

उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालान, दुकान सील करने से लेकर मुकदमा दर्ज करने तक की कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

अतिक्रमण पर चलेगा प्रशासन का डंडा

वहीं नगर में बढ़ते अतिक्रमण, जाम और अव्यवस्था पर नाराज़गी जताते हुए प्रशासन ने बड़ा निर्णय लिया। समस्त व्यापार मंडल के सहयोग से 14 फरवरी को “अतिक्रमण हटाओ अभियान” चलाया जाएगा, जिसमें नगर पालिका और पुलिस की संयुक्त टीम सड़कों, बाजारों और मुख्य मार्गों पर फैले अतिक्रमण को हटाएगी। अधिकारियों ने साफ कहा कि अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।

इसको लेकर अधिशासी अधिकारी सुनील कुमार ने व्यापारियों से अपील करते हुए कहा कि दुकान के आगे किए गए स्थायी व अस्थायी अतिक्रमण को स्वयं हटा लें। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी दुकानदार नाली के बाहर दुकान का सामान, तख्त, शेड, बैनर, होर्डिंग, ठेला, स्टैंड, काउंटर, फ्रिज, फ्रीजर, डिस्प्ले बोर्ड या अन्य सामग्री न लगाए। फुटपाथ, सड़क किनारे और सार्वजनिक स्थलों पर किसी भी प्रकार का कब्जा अवैध अतिक्रमण की श्रेणी में आएगा।


बैठक में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम,उद्योग व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष रामकुमार गुप्ता,महामंत्री उदित विजयवर्गीय व शाहिद पोपुलर, कोषाध्यक्ष गौरव गुप्ता,के के मिश्रा,अखंड प्रताप सिंह, रामआसरे पचौरी,संजय कुमार, मोहसिन खान, प्रधान शमसुल, इमरान सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.