जागरण टुडे, कासगंज।
जनपद में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का औपचारिक शुभारंभ प्राथमिक विद्यालय मामो में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य विकास अधिकारी वीरेंद्र सिंह द्वारा फीता काटकर एवं मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में स्वास्थ्य, शिक्षा एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति में बच्चों को कृमि संक्रमण से मुक्त रखने का संकल्प लिया गया।
राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर एक वर्ष से 19 वर्ष तक की आयु के सभी बच्चों को कृमि नाशक दवा एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई गई। यह अभियान जनपद के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों के साथ-साथ समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों पर एक साथ संचालित किया गया। दवा सेवन से पूर्व बच्चों को इसके लाभों के बारे में जानकारी दी गई और दवा खिलाने के बाद आवश्यक निगरानी भी सुनिश्चित की गई।
मुख्य विकास अधिकारी वीरेंद्र सिंह ने कहा कि कृमि संक्रमण बच्चों के शारीरिक विकास, पोषण स्तर और शैक्षणिक क्षमता पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। ऐसे में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस जैसे अभियान बच्चों के स्वस्थ भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों में स्वच्छता की आदतों को बढ़ावा दें और समय-समय पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाए जा रहे अभियानों में सहयोग करें।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद कासगंज में इस अभियान के अंतर्गत कुल 8,35,901 बच्चों को एल्बेंडाजोल दवा खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस लक्ष्य की पूर्ति के लिए स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया गया है। दवा वितरण के दौरान किसी भी प्रकार की आपात स्थिति से निपटने के लिए चिकित्सकीय टीमों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
कार्यक्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सूर्य प्रताप सिंह, जिला कम्युनिटी प्रोसेस मैनेजर के.पी. सिंह, अधीक्षक डॉ. ए.एन. चौहान, बीसीपीएम अरविंद कुमार सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षक एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने अभियान को सफल बनाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का आश्वासन दिया।