जागरण टुडे, कासगंज। जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने गुरुवार को पटियाली तहसील, विकास खण्ड कार्यालय पटियाली तथा तहसील क्षेत्र के ग्राम अशोकपुर में संचालित फार्मर रजिस्ट्री कैम्प का औचक निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी न्यायालय, नायब तहसीलदार न्यायालय, माल बाबू पटल तथा रिकॉर्ड रूम का निरीक्षण किया। उन्होंने लंबित वादों, पत्रावलियों के रख-रखाव, अभिलेखों की अद्यतन स्थिति एवं कार्यालयीन कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा की। न्यायालयों में लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण तथा पत्रावलियों के समुचित संधारण के निर्देश दिए गए।
उप जिलाधिकारी न्यायिक आतिश एवं उनके पेशकार के यहां फाइलें लंबित पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। रिकॉर्ड रूम के निरीक्षण के दौरान अभिलेखों को सुव्यवस्थित रखने, आवश्यक प्रविष्टियां समय से पूर्ण करने तथा डिजिटल रिकॉर्ड को अद्यतन रखने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी-कर्मचारी अपने दायित्वों का निष्ठा एवं समयबद्धता के साथ निर्वहन सुनिश्चित करें।
इसके उपरांत विकास खण्ड कार्यालय पटियाली के निरीक्षण में शिकायत बाबू द्वारा शिकायत पंजिका अद्यतन न किए जाने पर उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं लेखाकार फिरोज अहमद का स्थानांतरण पटियाली से कासगंज होने के बावजूद चार्ज न देने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए उनके खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए।
ग्राम अशोकपुर में आयोजित फार्मर रजिस्ट्री कैम्प का निरीक्षण कर जिलाधिकारी ने अधिक से अधिक किसानों का पंजीकरण सुनिश्चित कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी वीरेन्द्र सिंह, जिला परियोजना निदेशक विकल कुमार, खण्ड विकास अधिकारी सहित तहसील एवं विकास खण्ड पटियाली के संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।