जागरण टुडे,कासगंज। जनपद कासगंज में अपराध नियंत्रण की दिशा में थाना पटियाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना पटियाली पुलिस द्वारा पेट्रोल पम्प पर की गई लूट की घटना में वांछित चल रहे ₹25,000 के इनामिया अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधीक्षक कासगंज अंकिता शर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार के कुशल पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी पटियाली संदीप वर्मा के कुशल नेतृत्व में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना पटियाली पुलिस द्वारा यह कार्रवाई की गई। थाना पटियाली क्षेत्र में पेट्रोल पम्प पर हुई लूट की घटना के संबंध में थाना पटियाली पर पंजीकृत मु0अ0सं0–444/25 धारा 310(2)/317(3) बीएनएस में वांछित ₹25,000 के इनामिया अभियुक्त मोहित उर्फ दीपक पुत्र सत्यभान निवासी ग्राम हलैया थाना जैथरा जनपद एटा को दरियावगंज–जैथरा तिराहा रेलवे क्रॉसिंग के पास थाना पटियाली जनपद कासगंज से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्यवाही की गई है।
उक्त गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक लोकेश सिंह भाटी, अपराध निरीक्षक गुलाब सिंह, उप निरीक्षक अवधेश कुमार, उप निरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार तथा कांस्टेबल राकेश कुमार थाना पटियाली जनपद कासगंज शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के हौसले पस्त हुए हैं और आमजन में कानून-व्यवस्था को लेकर विश्वास मजबूत हुआ है।