जागरण टुडे, सोरों (कासगंज)।
नगरपालिका परिषद, सोरों में पार्किंग ठेके से जुड़ी विभिन्न विसंगतियों को लेकर नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। इस संबंध में उप जिलाधिकारी एवं प्रभारी अधिशासी अधिकारी, नगरपालिका परिषद, सोरों को संबोधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी, कासगंज को सौंपा गया। ज्ञापन में पार्किंग ठेके की प्रक्रिया, उसके संचालन और वसूली व्यवस्था में सामने आ रही अनियमितताओं का उल्लेख करते हुए निष्पक्ष जांच और आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई की मांग की गई।
ज्ञापन में कहा गया कि नगर क्षेत्र में पार्किंग व्यवस्था का संचालन निर्धारित नियमों के अनुरूप नहीं किया जा रहा है। आरोप है कि तय शुल्क से अधिक वसूली की जा रही है, ठेके की शर्तों का उल्लंघन हो रहा है और पार्किंग स्थल अव्यवस्थित ढंग से संचालित किए जा रहे हैं। इससे आम नागरिकों और तीर्थ यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। इन विसंगतियों के कारण न केवल जनता प्रभावित हो रही है, बल्कि नगर पालिका की छवि और राजस्व व्यवस्था पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है।
इस दौरान सतीश भारद्वाज ने बताया कि पूर्व में कभी भी सोरों में पार्किंग का ठेका इस प्रकार नहीं उठाया गया था। उनका कहना है कि इस बार बोली लगाकर ठेका दिए जाने से तीर्थ यात्रियों के शोषण की आशंका बढ़ गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि वाहनों से अवैध वसूली की जा सकती है और मेला प्रांगण को वाहनों की पार्किंग के लिए उपयोग में लाया जा रहा है, जिससे धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों में बाधा उत्पन्न हो सकती है।
जिलाधिकारी, कासगंज ने ज्ञापन प्राप्त होते ही मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल संज्ञान लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। प्रशासन की ओर से यह आश्वासन दिया गया कि पार्किंग ठेके से जुड़ी सभी शिकायतों की निष्पक्ष, पारदर्शी और तथ्य-आधारित जांच कराई जाएगी। जांच के दौरान यदि किसी भी स्तर पर नियमों का उल्लंघन या अनियमितता पाई जाती है, तो दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उप जिलाधिकारी एवं प्रभारी अधिशासी अधिकारी, नगरपालिका परिषद, सोरों ने भी इस प्रकरण में पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि नगर की व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है और नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। पार्किंग व्यवस्था को लेकर निर्धारित नियमों और शर्तों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा।
ज्ञापन देने वालों ने प्रशासन की त्वरित कार्रवाई और संवेदनशील रवैये पर संतोष व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी, कासगंज एवं उप जिलाधिकारी/प्रभारी अधिशासी अधिकारी, नगरपालिका परिषद, सोरों का आभार जताया। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि प्रभावी निगरानी रखी गई, तो अवैध वसूली पर रोक लगेगी और नगर की यातायात व्यवस्था भी बेहतर होगी।