जागरण टुडे,कासगंज। जन अधिकार पार्टी की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक ग्राम नगला कुल्ली, सिढ़पुरा में संपन्न हुई। बैठक का आयोजन अरविंद कुमार की देखरेख में किया गया, जिसमें पार्टी के सैकडो कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती शिव कन्या कुशवाहा रहीं। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि पार्टी जिस प्रत्याशी को मैदान में उतारेगी, उसे भारी बहुमत से विजयी बनाना प्रत्येक कार्यकर्ता की सामूहिक जिम्मेदारी है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने दावा किया कि जन अधिकार पार्टी के समर्थन के बिना सरकार बनना संभव नहीं है, और पार्टी की भूमिका आने वाले समय में निर्णायक होगी। उन्होंने संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने, बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने और आम जनता से सीधा संवाद स्थापित करने पर विशेष ज़ोर दिया। बैठक सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई और कार्यकर्ताओं में नए जोश व ऊर्जा का संचार देखा गया।
बैठक में प्रदेश महासचिव किरण कुशवाहा, जिला अध्यक्ष राजकुमार, भोले शाक्य, सत्यवीर शाक्य, दिव्यांशु शाक्य सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।