जागरण टुडे, सोरों (कासगंज)।
कस्बा सोरों में बैंकिंग सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से सोमवार को कोतवाली प्रभारी निरीक्षक जगदीश चंद्र ने क्षेत्र के विभिन्न बैंकों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बैंकों में उपलब्ध सुरक्षा संसाधनों की गहनता से जांच की और संबंधित बैंक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इंस्पेक्टर जगदीश चंद्र ने सबसे पहले बैंकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कैमरों की कार्यक्षमता, रिकॉर्डिंग की गुणवत्ता और कवरेज एरिया की जांच की। इस दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि सभी सीसीटीवी कैमरे पूर्ण रूप से सक्रिय रहें तथा उनका बैकअप भी सुरक्षित रखा जाए, ताकि किसी भी आपराधिक घटना की स्थिति में साक्ष्य उपलब्ध हो सके।
निरीक्षण के दौरान हाई अलर्ट हॉर्न (सायरन) की भी जांच की गई। इंस्पेक्टर ने कहा कि आपातकालीन स्थिति में हाई अलर्ट हॉर्न का सही समय पर उपयोग अपराधियों पर अंकुश लगाने में सहायक होता है। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि हॉर्न और अन्य सुरक्षा उपकरण नियमित रूप से चेक किए जाएं, ताकि किसी भी तकनीकी खराबी से बचा जा सके।
फोटो कैप्शन बैंक मैनेजर से सुरक्षा के बारे में जानकारी करते पुलिस कर्मी।
इसके अतिरिक्त बैंक के भीतर गार्ड की तैनाती, आगंतुक रजिस्टर, कैश काउंटर की सुरक्षा, अलमारी एवं स्ट्रॉन्ग रूम की व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया गया। निरीक्षक ने बैंक कर्मियों को सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने के निर्देश दिए।
इंस्पेक्टर जगदीश चंद्र ने स्पष्ट कहा कि बैंकों की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस प्रशासन आम जनता की धन-संपत्ति की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है। भविष्य में भी इस प्रकार के औचक निरीक्षण जारी रहेंगे, जिससे अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।
बैंक अधिकारियों ने पुलिस द्वारा किए गए निरीक्षण की सराहना की और सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने का आश्वासन दिया।